ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी 20 मैच में इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया है. आखिरी ओवर तक चले इस मैच में ‘भारतीय’ मूल के खिलाडी निखिल चौधरी ने खूब गदर मचाया. निखिल के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की जीत के चांस कम होते दिख रहे थे, लेकिन जैक एडवर्ड्स के 2 छक्कों ने कंगारू टीम की जीत सुनिश्चित कर दी.
ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए थे. अंग्रेजी टीम के लिए कप्तान हैरी ब्रूक टॉप स्कोरर रहे, जिन्होंने मात्र 28 गेंद में 65 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी ओवर में 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की.
निखिल चौधरी ने मचाया गदर
भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाडी निखिल चौधरी ने 38 गेंद में 66 रन बनाए. यह निखिल के अंतर्राष्ट्रीय करियर का सबसे पहला अर्धशतक है. निखिल पारी के सातवें ओवर में बैटिंग करने आए थे, तब ऑस्ट्रेलिया को 14 ओवरों में 135 रन और बनाने थे. ऑस्ट्रेलिया को जरूरत थी कि स्कोरबोर्ड तेजी से आगे बढ़े. एक छोर से लगातार विकेट गिर रहे थे, लेकिन निखिल ने एक छोर संभाले रखा.
उन्होंने 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. उनकी 6 चौके और 2 चक्कों से सुसज्जित यह पारी गेम चेंजर साबित हुई. बताते चलें कि निखिल चौधरी का जन्म दिल्ली में हुआ था, लेकिन कोविड-19 के बाद वह ऑस्ट्रेलिया में ही बस गए थे.
जैक एडवर्ड्स भी चमके
निखिल चौधरी 18वें ओवर में आउट हो गए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को अब भी 12 गेंद में 20 रनों की जरूरत थी. 7 विकेट गिर चुके थे और यहां से मैच को फिनिश करने की जिम्मेदारी जैक एडवर्ड्स ने संभाली. ये वही जैक एडवर्ड्स हैं, जो IPL 2027 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स में चले गए हैं. एडवर्ड्स ने 11गेंद में 25 रन की पारी खेल ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की.
यह भी पढ़ें:
गिल-पंत ने एकसाथ रचा इतिहास, WTC में पूरे किए 3000 रन, पंत बने पहले कीपर