रवींद्र जडेजा को सिर्फ एक शानदार ऑलराउंडर कहना उनके टेस्ट करियर को छोटा आंकना होगा. गेंद से विकेट निकालने हों, बल्ले से मुश्किल समय में रन बनाने हों या फील्डिंग में कमाल दिखाना हो, जडेजा ने तीनों विभागों में भारत को कई यादगार पल दिए हैं. श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन भी जडेजा ने अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया. उन्होंने 21 ओवर में 3 विकेट चटकाए और श्रीलंका की पहली पारी को 284 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान धनंजय डी सिल्वा और सोनल दिनुषा जैसे महत्वपूर्ण विकेट भी उनके खाते में आए. इस प्रदर्शन के साथ जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में एक बेहद खास उपलब्धि हासिल की. वह 4000 से ज्यादा रन और 350 से ज्यादा विकेट का डबल पूरा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बन गए.
जडेजा के नाम अब 90 टेस्ट में 4108 रन और 351 विकेट हैं. उनसे पहले कपिल देव ने यह कारनामा किया था, जिनके नाम 5248 रन और 434 विकेट हैं. दुनिया की बात करें तो जडेजा इस खास क्लब में जगह बनाने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं. कपिल देव के अलावा इयान बॉथम और डेनियल विटोरी भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. लेकिन जडेजा के टेस्ट करियर में ऐसे रिकॉर्ड सिर्फ एक नहीं हैं. उनके नाम कई ऐसे आंकड़े दर्ज हैं, जो उनकी ऑलराउंड क्षमता को दिखाते हैं.
1. टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले सिर्फ पांचवें भारतीय
गॉल टेस्ट में तीन विकेट लेते ही जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया. इसके साथ ही वह यह मुकाम हासिल करने वाले भारत के सिर्फ पांचवें गेंदबाज बन गए. इस सूची में सबसे ऊपर अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने 619 टेस्ट विकेट लिए. उनके बाद रविचंद्रन अश्विन के 537, कपिल देव के 434 और हरभजन सिंह के 417 विकेट हैं. अब जडेजा भी इस खास क्लब का हिस्सा हैं.
2. नंबर-7 पर भारत के सबसे बड़े टेस्ट स्कोर का रिकॉर्ड
जडेजा सिर्फ गेंद से ही रिकॉर्ड नहीं बनाते. बल्ले से भी उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ना आसान नहीं होगा. 2022 में श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट में उन्होंने नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 175 रन की पारी खेली थी. 228 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 17 चौके और 3 छक्के लगाए. इसके साथ ही उन्होंने कपिल देव का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. कपिल ने नंबर-7 पर 163 रन बनाए थे.
यह भी पढ़ें- गुपचुप किसको डेट कर रहे हैं देवदत्त पडिक्कल? सोशल मीडिया हो रही चर्चा
3. घर में 2000 रन और 250 विकेट का अनोखा डबल
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2025 में कोलकाता टेस्ट में जडेजा ने घरेलू टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने भारत में 2000 टेस्ट रन और 250 विकेट का डबल पूरा किया. वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने. जडेजा के घरेलू टेस्ट रिकॉर्ड में 2232 रन और 256 विकेट दर्ज हैं. दुनिया में भी यह उपलब्धि बेहद खास है और उनसे पहले इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड ऐसा कर चुके थे.
4. 2017 में भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर का सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड
जडेजा के टेस्ट करियर के सबसे शानदार सालों में से 2017 का साल एक रहा. उन्होंने उस कैलेंडर ईयर में 10 टेस्ट मैचों की 20 पारियों में 54 विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने तीन बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/63 रहा. इसी के साथ उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में किसी भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर द्वारा सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया.
यह भी पढ़ें- पांचवें दिन बारिश ने बिगाड़ा खेल, तो गॉल टेस्ट में कौन बनेगा विजेता?