वेलिंगटन टेस्ट का तीसरा दिन, आखिरी ओवर चल रहा था. शुभमन गिल 98 रन बना चुके थे. अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर गिल बोल्ड हो गए. मैदान में सन्नाटा छा गया और गिल के चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी. दूसरी और ऋषभ पंत भी खड़े-खड़े देखते रहे और फिर कप्तान का मनोबल बढ़ाने का भी प्रयास किया. मगर इस निराशा के बीच शुभमन गिल ने एमएस धोनी का एक 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
दरअसल आज से 12 साल पहले, 2014 में एमएस धोनी ने वेलिंगटन के मैदान पर खेलते हुए 68 रन की पारी खेली थी. यह अब तक किसी भारतीय कप्तान द्वारा न्यूजीलैंड की धरती पर चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था. मगर शुभमन गिल ने 98 रनों की पारी खेल धोनी को पछाड़ दिया है.
एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
न्यूजीलैंड में सबसे बड़ा व्यक्तिगत टेस्ट स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं, जिन्होंने साल 1990 में ऑकलैंड में 192 रनों की पारी खेली थी. इसी लिस्ट में शुभमन गिल अब चौथे नंबर पर आ गए हैं. केवल सुनील गावस्कर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ही गिल से ऊपर हैं.
192 रन – मोहम्मद अजहरुद्दीन – 1990
116 रन – सुनील गावस्कर – 1976
103 रन – मोहम्मद अजहरुद्दीन – 1998
98 रन – शुभमन गिल – 2026
68 रन – एमएस धोनी – 2014
टीम इंडिया को दिलाई बढ़त
शुभमन गिल पारी के 84वें ओवर में बैटिंग करने आए थे. देवदत्त पडिक्कल के आउट होने के बाद, गिल ने केएल राहुल संग मिलकर पारी को संभाला. राहुल और गिल के बीच 91 रनों की साझेदारी हुई. राहुल 136 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन कप्तान गिल डटे रहे और इस बार उन्होंने ऋषभ पंत के साथ मिलकर 100 रनों की पार्टनरशिप की. दुर्भाग्यवश दिन के आखिरी ओवर में वह जैकब डफी का शिकार बने. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए और उसकी कुल बढ़त 118 रनों की हो गई है.
यह भी पढ़ें:
गिल-पंत ने एकसाथ रचा इतिहास, WTC में पूरे किए 3000 रन, पंत बने पहले कीपर