ईरान और यूएस के बीच जब से तनाव शुरू हुआ था, तभी से दुनिया में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने लगी थी. जिसके बाद भारत समेत कई देशों में पेट्रोल- डीजल की कीमतें बढ़ गई थीं. हालांकि अन्य देशों के मुकाबले भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ज्यादा बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई थी. जबकि कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम 50 से 60% तक बढ़ गए. लेकिन ऐसा आखिर कैसे?
अब खुद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसके पीछे की वजह का खुलासा कर दिया है. उन्होंने कहा है कि सरकार की टैक्स में कटौती की नीति की वजह से भारत के लोगों को महंगे तेल का पूरा बोझ नहीं उठाना पड़ा.
क्या बोले मंत्री?
डीलर्स के साथ हुई मीटिंग के दौरान पुरी ने कहा कि, केंद्र सरकार ने नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में तीन बार कटौती की. मार्च 2026 में की गई कटौती के तहत पेट्रोल और डीजल दोनों पर 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाई गई. जिसेक कारण ही ये सबकुछ संभव हो पाया है.
कीमत रोकने के लिए सरकार ने उठाए कदम
दरअसल भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से कच्चा तेल खरीदकर पूरा करता है. जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ती है, तो भारत में भी पेट्रोल और डीजल महंगे होने का दबाव बनता है. ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते तेल की सप्लाई प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 67-68 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 120 डॉलर तक पहुंच गई थी.
ऐसी स्थिति में सरकार के सामने दो ऑप्शन थे. पहला, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर महंगे तेल का बोझ आम लोगों पर डालना. दूसरा टैक्स में कटौती करके इस बोझ को कम करना. ऐसे में सरकार ने दूसरा रास्ता चुना. एक्साइज ड्यूटी घटाने से तेल कंपनियों पर पड़ने वाले खर्च के दबाव का कुछ हिस्सा सरकार ने खुद उठाया. इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी को रोकने में मदद मिली.
तेल की सप्लाई भी रही जारी
इस दौरान पेट्रोलियम मंत्री ने ये भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय सप्लाई में रुकावट के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं होने दी गई. देश के करीब 1.07 लाख पेट्रोल पंपों में से किसी पर भी ईंधन खत्म होने की स्थिति नहीं आई. सरकार ने तेल की सप्लाई बनाए रखने के लिए दूसरे देशों से भी तेल खरीदने के ऑप्शन बढ़ाए. पहले भारत 27 देशों से कच्चा तेल खरीदता था, जबकि अब ये संख्या बढ़कर 41 हो गई है.
ये भी पढ़ें: 22000 करोड़ के घाटे में एयर इंडिया, इसका कारण भी पाकिस्तान है!