तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के 10 विकेट और साई सुदर्शन के शानदार शतक की बदौलत भारत ए ने श्रीलंका ए को दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में 10 विकेट से हरा दिया है. टीम इंडिया पूरी तरह इस मैच में श्रीलंका की टीम पर हावी रही. भारतीय टीम को चौथी पारी में जीत के लिए सिर्फ 33 रन चाहिए थे. टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 36 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीत लिया. गुरनूर बराड़ ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए.
मैच की बात करें तो भारत ए ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ए ने कप्तान सहान अराचिगे के 127 रन की मदद से 366 रन बनाए थे. भारत की तरफ से गुरनूर बरार और सारांश जैन ने 4-4 विकेट लिए. वहीं यश ठाकुर को 2 विकेट मिले.
भारतीय टीम ने साई सुदर्शन के 168, देवदत्त पड्डिकल के 94, सारांश जैन के 70 और कप्तान ध्रुव जुरेल के 53 रन की मदद से पहली पारी में 543 रन बनाकर श्रीलंकाई टीम पर 177 रन की बढ़त ली थी. श्रीलंका के लिए केशर नुवांथा ने 5 विकेट लिए थे.
श्रीलंका की दूसरी पारी 209 रन पर सिमट गई. एशेन बंडारा ने सर्वाधिक 87 रन की पारी खेली. भारत की तरफ से गुरनूर बराड़ ने 6 विकेट लिए, सारांश जैन ने 2, जबकि आकिब नबी और यश ठाकुर को 1-1 विकेट मिला.
जीत के लिए 33 रन के लक्ष्य को भारतीय ए टीम ने 6.2 ओवर में बिना नुकसान के 36 रन बनाकर हासिल कर लिया और मैच 10 विकेट से जीता. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज जीत ली है. सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था.
भारत की मुख्य टीम भी अगस्त में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर जाएगी. सीनियर टीम में ध्रुव जुरेल, साई सुदर्शन और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में श्रीलंका ए खिलाफ हुई सीरीज से मिला अनुभव टीम इंडिया (सीनियर) के लिए मददगार साबित होगा.
यह भी पढ़ें-
टीम इंडिया को अकेले हराने वाले जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की जीत पर दिया बड़ा बयान, जानें क्या कहा