ईस्ट जोन और साउथ जोन के बाच 2026 दलीप ट्रॉफी का फाइनल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है. मुकाबले में पहले बैटिंग के लिए उतरी ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने दमदार पारी खेलते हुए 270 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. चेन्नई की गर्मी में इस पारी के दौरान ईशान को थोड़ा असहज भी महसूस हुआ था, जिसके चलते वह 250 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे थे. इस पर उनकी गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया ने चिंता जताई. हालांकि बाद में वह दोबारा बैटिंग के लिए आए थे.
अदिति ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर चेन्नई की झुलसा देने वाली गर्मी पर बात की. इसके अलावा उन्होंने शब्दों से ईशान पर प्यार बरसाया. उन्होंने कहा कि इस पारी को रनों से नहीं बल्कि उनकी मजबूती से याद रखा जाएगा. उन्होंने यह स्टोरी तब शेयर की, जब ईशान 250 रन के स्कोर पर थे.
उन्होंने लिखा, “चेन्नई की झुलसा देने वाली गर्मी में 250 रन. कुछ पारियां रनों से गिनी जाती हैं, लेकिन इसे मजबूती से गिना जाएगा. तुम पर गर्व है ईशू.” अदिति की यह स्टोरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस स्टोरी से एक बार फिर दोनों के रिश्ते पर कहीं न कहीं मोहर लगती हुई नजर आ रही है.
Aditi Hundia pens heartfelt note after Ishan Kishan’s stunning 250 in Duleep Trophy 2026 final pic.twitter.com/1lLrfnr9Nk
— Cricket Hub (@Anurag9793) September 7, 2026
ईस्ट जोन ने बनाया बड़ा टोटल
खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन टॉस जीतकर बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी. टीम ने पहला दिन समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिए थे. टीम के लिए ईशान किशन 111 रन पर और कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे थे.
दूसरे दिन भी दोनों ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी. ईशान ने 270 रनों की पारी खेली, जबकि कुशाग्र ने 8 चौके और 5 छक्के लगाकर 101 रन बनाए. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 230 (287 गेंद) रनों की साझेदारी की. यह पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही. टीम 708 रन पर ऑलआउट हुई. इसके साथ दूसरे दिन का खेल खत्म हुआ. इस दौरान साउथ जोन के लिए त्रिपुरण विजय ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें: भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक होगा 3 अक्टूबर, एक दिन में 2 देशों से खेलेगी टीम इंडिया