रेल की तरह अब मेट्रो से भी होगी सामान की डिलीवरी, GST में बड़ा बदलाव

0125d22db4b91893bb37a4d827000c5017952621462681241 original


शहरों में सामान एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए अब मेट्रो रेल का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा. GST नेटवर्क (GSTN) ने ई-वे बिल सिस्टम में ट्रांसपोर्ट के नए ऑप्शन के रूप में मेट्रो रेल को शामिल किया है. इससे कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को सामान पहुंचाने के लिए एक और रास्ता मिलेगा. खासकर बड़े शहरों में माल की ढुलाई के लिए यह सुविधा काफी ज्यादा उपयोगी साबित हो सकती है.

GSTN ने 20 नवंबर को जारी एडवाइजरी में बताया कि मेट्रो रेल का ऑप्शन ई-वे बिल बनाने और ट्रांसपोर्ट से जुड़ी जानकारी अपडेट करने के लिए उपलब्ध करा दिया गया है. यह सुविधा फिलहाल API यूजर्स के लिए टेस्टिंग यानी सैंडबॉक्स एनवायरनमेंट में भी शुरू की गई है. हालांकि, लाइव सिस्टम में इसे लागू करने की तारीख अलग से बताई जाएगी.

अब ट्रांसपोर्ट के कितने ऑप्शन होंगे?

मेट्रो रेल को शामिल किए जाने के बाद ई-वे बिल सिस्टम में सामान पहुंचाने के कुल पांच तरीके हो गए हैं. इनमें सड़क, रेल, हवाई जहाज, जहाज और मेट्रो रेल शामिल हैं. ऐसे में मेट्रो से सामान भेजने वाले कारोबारियों को ई-वे बिल बनाते समय ट्रांसपोर्ट का यह ऑप्शन चुनना होगा. इसके बाद ही संबंधित ट्रांसपोर्ट डॉक्यूमेंट नंबर दर्ज करना होगा.

कारोबारियों को क्या करना होगा?

GSTN के मुताबिक, मेट्रो रेल का ऑप्शन ई-वे बिल में ट्रांसपोर्ट की जानकारी बदलने, वाहन से जुड़ी जानकारी अपडेट करने और कंसोलिडेटेड ई-वे बिल बनाने या दोबारा तैयार करने में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.

API के जरिए काम करने वाले कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को अपने सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करके पहले टेस्टिंग पूरी करनी होगी. API का मतलब ऐसे सॉफ्टवेयर से है, जो GST पोर्टल पर हर काम को खुद करने के बजाय अपने सॉफ्टवेयर को सीधे पोर्टल से जोड़कर ई-वे बिल जैसे काम करते हैं.

किन सामानों के लिए जरूरी है ई-वे बिल?

GST नियमों के तहत 50 हजार रुपए या इससे ज्यादा कीमत के सामान को एक राज्य से दूसरे राज्य या एक राज्य के भीतर ले जाने पर आमतौर पर ई-वे बिल जरूरी होता है. नए विकल्प के तहत मेट्रो से माल भेजने पर भी इससे जुड़ी जानकारी ई-वे बिल में दर्ज की जा सकेगी.

Gold Rate: 9 दिन में 20000 रुपए सस्ता हुआ गोल्ड, दीवाली से अब तक कितने गिरे दाम?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *