April Fools Day 2026: दुनियाभर में 1 अप्रैल के दिन को अप्रैल फूल डे के रूप में मनाया जाता है. इस दिन लोग एक दूसरे को बेवकूफ बनाते हैं. अप्रैल फूल डे का मतलब होता है, हल्की-फुल्की हंसी-मजाक के माध्यम से मुस्कुराहट बांटना और तनाव को दूर कर हंसना-खिलखिलाना.
लेकिन कई बार लोग हंसी-मजाक के नाम पर ऐसे मजाक या प्रैंक करते हैं, जो मानसिक या शारीरिक क्षति का कारण भी बन जाती है. इसलिए अप्रैल फूल डे पर प्रैंक करने से पहले यह जरूर निश्चित कर लें कि, इससे किसी को भी किसी तरह का नुकसान न पहुंचे.
हमारी भारतीय संस्कृति में भी किसी को धोखा देना या अपमानित करना उचित नहीं माना जाता है. इसलिए धर्मग्रंथों में सत्य, करुणा और सद्भावना की बात कही गई है और इसे ही सबसे बड़ा धर्म बताया गया है. इसलिए आप भले ही 1 अप्रैल को हल्के-फुलके मजाक के तौर पर अप्रैल फूल डे को इंजॉय करें. लेकिन अगर आप वाकई किसी की मुस्कुराहट की वजह बनना चाहते हैं और पुण्य पाना चाहते हैं तो आज के दिन कुछ अच्छे कार्य भी कर सकते हैं, जिससे आपका दिन सार्थक बन सकता है.
किसी को खुश करने की कोशिश करें- निदा फ़ाज़ली का शेर है-‘घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूँ कर लें, किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए’. अप्रैल फूल डे के दिन भी यदि आप किसी को उपहार देकर, शुभ संदेश भेजकर या किसी पुराने मित्र से संपर्क कर उन्हें खुश करते हैं, तो यह भी एक सकारात्मक कार्य माना जाता है. इससे रिश्तों में मधुरता बढ़ती है.
किसी का दिल न दुखाएं- मजाक की आड़ में ऐसा कोई काम न करें, जिससे रिश्तों मे दरार आए या किसी का दिल दुखे. ऐसा प्रैंक बिल्कुल न करें जिससे सामने वाले के मन में असुरक्षा का भाव पैदा हो. धर्मशास्त्रों में भी कहा गया है कि मधुर वाणी सबसे बड़ा दान है. इसलिए इस दिन किसी का मजाक उड़ाने या अपमान करने के बजाय मीठे शब्द बोलें और लोगों के चेहरे पर सच्ची मुस्कान लाने की कोशिश करें.
जरूरतमंदों की मदद करें– 1 अप्रैल यानी अप्रैल फूल डे पर किसी गरीब, जरूरतमंद या असहाय व्यक्ति की मदद करना बहुत ही पुण्य का काम रहेगा. आप किसी को भोजन करा सकते हैं, कपड़े दान कर सकते हैं, किसी जरूरतमंद की छोटी-सी मदद भी कर सकते हैं, पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर सकते हैं. धर्म में दान और सेवा को सबसे श्रेष्ठ कर्म बताया गया है.
डिजिटल जागरूकता फैलाएं– डिजिटल दौर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कई तरह प्रैंक वीडियो वायरल होते हैं. लोग लाइक्स और व्यूज के चक्कर में ऐसे वीडियो को बढ़ावा देते हैं. वहीं अप्रैल फूल के नाम पर लोग किसी की दुर्घटना, लॉटरी या फ्री गिफ्ट आदि लगने की भी झूठी सूचना देकर फूल बनाने की कोशिश करते हैं. लेकिन ऐसा करने से बचें. आप अपने घर के बड़े या कम जानकार लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड या झूठी खबरों से बचने के तरीके सिखाएं. सामाजिक सेवा भी सबसे बड़ा पुण्य है.
ये भी पढ़ें: April 2026 Festival Live: चैत्र पूर्णिमा, हनुमान जयंती से अक्षत तृतीया तक, जानें अप्रैल के व्रत-त्योहार का पूरा अपडेट
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.