अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है तो इस हफ्ते की छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें. 23 से 29 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहने वाले हैं. इस दौरान 23 नवंबर को मेघालय, 24 नवंबर को कई राज्यों और 27 नवंबर को कर्नाटक में बैंक शाखाओं पर ताला रहने वाला है. ऐसे में अगर आपको चेक जमा करना है, कैश निकालना है या बैंक में जाकर कोई जरूरी काम करवाना है तो तारीख और अपने शहर की छुट्टी पहले जांच लें.
यहां हम आपको 23 से 29 नवंबर के बीच की छुट्टियों के बारे में डिटेल में बता रहे हैं. यहां से आप बैंक की छुट्टी के कारण के बारे में भी जान सकते हैं.
23 नवंबर को कहां बंद रहेंगे बैंक?
सोमवार, 23 नवंबर को मेघालय में सेंग कुट स्नेम के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे. ये मेघालय का एक स्थानीय पर्व है. ऐसे में शिलॉन्ग समेत राज्य के संबंधित बैंकिंग क्षेत्रों में शाखाओं का कामकाज नहीं होगा.
24 नवंबर को किन राज्यों में है बैंक की छुट्टी?
मंगलवार, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रहस पूर्णिमा के अवसर पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. RBI के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, इस दिन आइजोल, मुंबई, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर जैसे शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
इसका मतलब है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई जगहों पर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी.
27 नवंबर को क्यों बंद हैं बैंक?
शुक्रवार, 27 नवंबर को कनकदास जयंती के मौके पर कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन बेंगलुरु समेत राज्य के संबंधित बैंकिंग क्षेत्रों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा. दूसरे राज्यों में बैंक खुले रहेंगे.
28 और 29 नवंबर भी बंद हैं बैंक?
28 नवंबर को महीने का चौथा शनिवार है. RBI के नियमों के मुताबिक, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी बैंक बंद रहते हैं.
इसके अगले दिन यानी 29 नवंबर को रविवार है. रविवार को देशभर में बैंकों की हमेशा ही साप्ताहिक छुट्टी रहती है. इस तरह 28 और 29 नवंबर को पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
Milk Price Hike: भैंस का दूध 6 और गाय का 4 रुपए महंगा, 4 दिनों के फिर बढ़े दाम