TIME Ranking: दुनिया के टॉप एयरपोर्ट्स में दिल्ली ने बनाई जगह, देखें पूरी रैंकिंग लिस्ट

2b18c91ee9b9877102d071730dbd988a17953490778671473 original


आज के समय में हवाई सफर केवल एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने का जरिया नहीं रह गया है. यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर मिलने वाली सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, समय पर उड़ान और सामान मिलने की प्रक्रिया भी यात्रा के अनुभव का अहम हिस्सा बन चुकी हैं. यही वजह है कि दुनिया के अलग-अलग देशों के एयरपोर्ट्स के बीच बेहतर सेवाएं देने की प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. इसी बीच भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई है. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) ने TIME मैगजीन की 2027 की दुनिया के बेहतरीन बड़े एयरपोर्ट्स की सूची में जगह बनाई है.

इस उपलब्धि के साथ दिल्ली एयरपोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मौजूदगी दर्ज कराई है. दुनिया के 47 प्रमुख एयरपोर्ट्स की सूची में दिल्ली को 38वां स्थान मिला है. इसे कुल 84.96 का स्कोर दिया गया है. यह रैंकिंग बताती है कि भारतीय एविएशन सेक्टर की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हो रही है.

ऐसे तैयार हुई दुनिया के बेहतरीन एयरपोर्ट्स की सूची

TIME ने यह रैंकिंग वैश्विक डेटा प्लेटफॉर्म Statista के साथ मिलकर तैयार की है. इसमें सिर्फ एयरपोर्ट की भव्य इमारत, महंगे रेस्टोरेंट या आकर्षक लाउंज को देखकर स्थान नहीं दिया गया. इसके बजाय यात्रियों के वास्तविक अनुभव और एयरपोर्ट के कामकाज की गुणवत्ता को महत्व दिया गया. रैंकिंग तैयार करने के लिए 27 जुलाई से 4 सितंबर 2026 के बीच ऑनलाइन सर्वे किया गया.

इसमें उन यात्रियों से उनकी राय मांगी गई, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान अलग-अलग एयरपोर्ट्स का इस्तेमाल किया था. प्रतिभागियों को अधिकतम पांच एयरपोर्ट्स का मूल्यांकन करने का मौका दिया गया.सर्वे में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया. इनमें एयरपोर्ट की साफ-सफाई, सिक्योरिटी चेक की प्रक्रिया, सामान मिलने की व्यवस्था, कनेक्टिविटी, उपलब्ध सुविधाएं, लाउंज और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए इंतजाम शामिल थे. इसके अलावा यात्रियों की संतुष्टि और उनके अनुभव को भी ध्यान में रखा गया.

उड़ानों का रिकॉर्ड भी अहम

इस रैंकिंग की एक खास बात यह है कि इसमें यात्रियों के फीडबैक के साथ उड़ानों से जुड़े आंकड़ों का भी एनालिसिस किया गया. जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच संचालित 3 करोड़ से ज्यादा उड़ानों के डेटा को रिसर्च में शामिल किया गया.  इस दौरान यह देखा गया कि कितनी उड़ानें तय समय पर संचालित हुईं और कितनी फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं. इससे एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता और उसकी विश्वसनीयता का आकलन करने में मदद मिली.

यह भी पढ़ें: Delhi Pollution: प्रदूषण बना पलायन की वजह! 37% लोग छोड़ना चाहते हैं दिल्ली-NCR

चार कैटेगरी में बांटे गए एयरपोर्ट

यात्रियों की संख्या के आधार पर दुनिया के एयरपोर्ट्स को चार अलग-अलग वर्गों में रखा गया है. इससे अलग-अलग आकार और क्षमता वाले एयरपोर्ट्स की तुलना करना आसान हो जाता है. मेजर एयरपोर्ट, सालाना 5 करोड़ या उससे अधिक यात्रियों की क्षमता वाले एयरपोर्ट. लार्ज एयरपोर्ट, 2.5 करोड़ से 5 करोड़ से कम यात्रियों वाले एयरपोर्ट. मिड-साइज एयरपोर्ट, 1 करोड़ से 2.5 करोड़ से कम यात्रियों वाले एयरपोर्ट. स्मॉलर एयरपोर्ट, सालाना 1 करोड़ से कम यात्रियों वाले एयरपोर्ट. दिल्ली का IGI एयरपोर्ट मेजर एयरपोर्ट श्रेणी में शामिल है. इस श्रेणी में कुल 47 एयरपोर्ट्स को स्थान दिया गया है.

सिंगापुर का एयरपोर्ट बना दुनिया में नंबर-1

TIME की 2027 की मेजर एयरपोर्ट रैंकिंग में सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट ने पहला स्थान हासिल किया है. इसके बाद चीन के ग्वांगझू बाययुन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दूसरा और बीजिंग डैक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट को तीसरा स्थान मिला है. अमेरिका के ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि शिकागो ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पांचवें नंबर पर रहा.

यह भी पढ़ें: Women Proposing Marriage: महिलाएं खुद क्यों कर रही हैं प्रपोज? जानें कैसे बदल रही है लाइफस्टाइल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *