1 लीटर दूध 7 रुपए और बिसलेरी का पानी 12 रुपए, ये भारत की कहानी, जब कटा था बवाल?

ef06c11d726d7bab133c3df0b40fd8541795419257090940 original


देश में आज बोतल बंद पानी पर बवाल खड़ा हो गया है. देश की सबसे बड़ी पानी की कंपनी बिसलेरी अब कानूनी पचड़े में फंस गई है. कंपनी का बोतल वाला पानी दो बार टेस्ट में फेल हो गया है. ये वही पानी है, जिसने लोगों की जिदंगी को आसान बनाया है. कहीं भी जाओ, बोतल साथ ले जाओ. कीमत सिर्फ 20 रुपए. लेकिन आज आपको 1997 का एक किस्सा बताते हैं, जब इसी बोतल बंद पानी पर देश में खूब बवाल कटा था. 

हम जिस बवाल की बात कर रहे हैं, वह बोतल बंद पानी की कीमत को लेकर था. 1997 में देश में एक लीटर दूध की कीमत मात्र 7 रुपए थी, जबकि एक लीटर पानी की कीमत 12 रुपए थी. यानी दूध से महंगा पानी था. पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव (दिवंगत) ने 26 अगस्त 1997 को पानी के दूध से महंगा बिकने का उदाहरण देकर देश की आर्थिक व्यवस्था पर सवाल उठाया था. यह बात लोकसभा के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज है.

शरद यादव ने संसद में क्या कहा था?

संसद में अपने भाषण के दौरान शरद यादव ने ग्रामीण परिवारों, पशुपालन और उनकी कमाई का उदाहरण दिया. उनका कहना था, ”एक गरीब परिवार गाय पालकर दूध पैदा करता है, मेहनत करता है, लेकिन उसे उसके उत्पादन का बहुत कम पैसा मिलता है. दूसरी तरफ बाजार में बोतल में बंद पानी ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है.” उन्होंने दो टूक कहा था, ”जिस देश में दूध सस्ता हो और पानी महंगा हो, उस देश में समता कैसे हो सकती है.”

90 के दशक में बोतल बंद पानी का कारोबार कैसे बढ़ा?

देश में बोतल बंद पानी 1990 के दशक से पहले भी बिकता था, लेकिन तब इसका इस्तेमाल सीमित था. धीरे-धीरे कंपनियों ने इसे आम लोगों तक पहुंचाना शुरू किया और लोगों ने भी अपनी सुविधा देखते हुए इसे हाथों हाथ खरीदना शुरू कर दिया.

दरअसल बिसलेरी ने 1995 में 500 ML की बोतल 5 रुपए में पेश की थी. इसका मकसद आम लोगों और यात्रियों तक बोतल बंद पानी पहुंचाना था. बाद में कंपनी ने कीमतें बढ़ा दीं. अप्रैल 1996 की इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक लीटर बोतल बंद पानी 12 से 15 रुपए में बिकता था. रिपोर्ट ने उस समय भारत के पैकेज्ड और मिनरल वाटर बाजार का आकार लगभग 300 करोड़ बताया था.

शरद यादव ने 2013 में फिर वही बात दोहराई

बता दें कि यह कहानी केवल 1997 की नहीं है. 6 मार्च 2013 को भी शरद यादव ने लोकसभा में दूध और पानी की कीमत का मुद्दा उठाया था. उस समय उन्होंने गाय के दूध की कीमत 12 और पानी की कीमत 15 बताई थी. उन्होंने यह भी कहा कि एक होटल में पानी की बोतल 60 रुपए की मिलती है.

अब दूध और बोतल बंद पानी की कीमत कितनी है?

  • 1 लीटर बिसलेरी बोतल बंद पानी की कीमत- 20 रुपए
  • 1 लीटर मदर डेयरी डबल टोंड दूध की कीमत – 56 रुपए
  • 1 लीटर मदर डेयरी टोंड दूध की कीमत- 62 रुपए
  • 1 लीटर मदर डेयरी फुल क्रीम दूध की कीमत-76 रुपए

देश में 1997 की तुलना में अब भले ही दूध पानी से महंगा हो गया हो, लेकिन प्रीमियम मिनरल वाटर, होटल या रेस्तरां में कुछ पानी की बोतलों की कीमत दूध से भी ज्यादा हैं.

बोतल बंद पानी महंगा क्यों बिकता है?

पानी की कीमत केवल उसके प्राकृतिक स्रोत की लागत से निर्धारित नहीं होती, बल्कि बोतल बंद पानी के व्यवसाय में कई खर्च शामिल होते हैं. 

  • पानी का शुद्धीकरण और गुणवत्ता जांच
  • प्लास्टिक या कांच की बोतल, ढक्कन और लेबल
  • पैकिंग, ढुलाई और भंडारण
  • कंपनियों की ब्रांडिंग और विज्ञापन
  • डीलर्स और दुकानदारों का मार्जिन

यह भी पढ़ें- Bisleri के पानी पर देश में बवाल, अब आया कंपनी का बयान, जानिए क्या सफाई दी?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *