भारत में शादी का सीजन शुरू होते ही बाजारों में खरीदारी और तैयारियां तेज हो गई हैं, लेकिन इस बार शादी करना परिवारों के लिए पहले से ज्यादा महंगा पड़ रहा है. शादी का वेन्यू की बुकिंग से लेकर खाने की प्लेट, कपड़ों और गहनों तक हर चीज पर खर्च बढ़ रहा है. बढ़ती कीमतों का असर ऐसा है कि कई परिवारों को बजट संभालने के लिए मेहमानों की संख्या घटानी पड़ रही है, तो कुछ दुल्हनें महंगे डिजाइनर लहंगों की जगह कम कीमत वाले कपड़े चुन रही हैं.
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच देश में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है. इनसे लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपए का कारोबार हो सकता है. हालांकि, बढ़ती महंगाई के कारण शादी की तैयारियों पर परिवारों का खर्च बढ़ गया है.
खाने की प्लेट और वेन्यू का खर्च बढ़ा
शादी में कैटरिंग सबसे बड़े खर्चों में शामिल होती है. मेहमानों के इंतजाम और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से इसका असर सीधे शादी के बजट पर पड़ रहा है. मुजफ्फरनगर के एक वेडिंग वेन्यू संचालक के मुताबिक, ड्राई फ्रूट्स, चीनी, घी और मजदूरी महंगी होने से प्रति प्लेट कैटरिंग का खर्च करीब 25 से 30% बढ़ गया है.
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर एक वेन्यू में प्लेट की कीमत 3,100 रुपए से बढ़कर 3,575 रुपए हो गई है. ऐसे में कई परिवार मेहमानों की संख्या कम कर रहे हैं और छोटे हॉल या शहर से बाहर के वेन्यू चुन रहे हैं. यानी बढ़ते खर्च के कारण कई परिवार 1,000 मेहमानों वाली शादी में अब करीब 500 लोगों को बुला रहे हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, कुछ परिवार दो-तीन दिन के कार्यक्रमों को समेटकर एक दिन में पूरा कर रहे हैं.
दुल्हन के लहंगे पर भी बढ़ा खर्च
शादी के कपड़ों की कीमतों में भी काफी तेजी देखने को मिल रही है. दुकानदारों के मुताबिक, अब लोग महंगे डिजाइनर लहंगों के बजाय मिड-रेंज कपड़ों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. कुछ परिवार शादी के मुख्य कार्यक्रम के लिए भारी लहंगा खरीद रहे हैं, जबकि बाकी कार्यक्रमों के लिए हल्के कपड़े चुन रहे हैं. एक दुल्हन के मुताबिक, पहले 30-40 हजार रुपए में मिलने वाला लहंगा अब 70-80 हजार रुपए तक पहुंच गया है.
गहनों की खरीदारी में भी कटौती
महंगे सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच परिवार अब जरूरत के हिसाब से गहने खरीद रहे हैं. कई लोग भारी सेट के बजाय हल्की ज्वेलरी ले रहे हैं और मांग टीका जैसे गहनों के लिए असली सोने की जगह आर्टिफिशियल ऑप्शन चुन रहे हैं.
इससे यह साफ जाहिर होता है कि परिवार शादी का जश्न तो पहले की तरह मनाना चाहते हैं, लेकिन बढ़ते खर्च को देखते हुए मेहमानों, कपड़ों और सजावट के बजट में बदलाव कर रहे हैं.
Explained: देश में बोतल बंद पानी कितना भरोसेमंद? हर चार में से एक सैंपल फेल!