13 साल की उम्र में घर से भाग गए थे जमशेद आलम, T20 डेब्यू में लगातार 4 विकेट से मचाया तहलका

89307af835b44d007d0200cc249e2b3a17954258675091212 original


सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रविवार को जमशेद आलम ने लगातार 4 विकेट लेकर इतिहास रचा, वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय हैं. टी20 डेब्यू में लगातार 4 विकेट लेने वाले वह दुनिया के दूसरे ही गेंदबाज हैं. इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में जमशेद ने कहा कि ये पिछले 10 सालो की मेहनत का नतीजा है. उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि कब उन्होंने ठाना कि उन्हें क्रिकेटर ही बनना है. उनके पिता ने क्रिकेट खेलने से साफ मना कर दिया था, तब अपने सपनों के लिए उन्होंने घर छोड़ दिया.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे के लिए खेल रहे जमशेद आलम ने कहा, “मेरे गांव का नाम फाजिलनगर (अब पावनगढ़) है. वहां एक बहुत मशहूर क्रिकेट टूर्नामेंट होता है, जिसका नाम भी संयोग से SMAT (शहीद मेजर अमिया त्रिपाठी टूर्नामेंट) है. मेरे भाई, अबरार अहमद, टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलते थे और वे अक्सर SMAT के मैच देखने जाते थे. एक दिन जिद करके मैं भी उनके साथ गया और क्रिकेट के प्रति इतना प्रभावित हुआ कि तभी सोच लिया कि मुझे भी क्रिकेटर ही बनना है.”

तब जमशेद की उम्र 13 साल थी. लेकिन उनके घर के हालात इतने अच्छे नहीं थे कि परिवार उनकी क्रिकेट फीस और अन्य चीजों पर खर्च करता. आर्थिक तंगी थी, लेकिन एक छोटे बच्चे को इसका एहसास नहीं था और उन्होंने अपने किसान पिता से अपने सपनों के बारे में बताया. उन्होंने कहा, “मैंने अपने पिता से कहा कि मैं क्रिकेटर बनना चाहता हूं. वह हैरान रह गए. हमारी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी.”

2500 रुपये लेकर घर से निकल गए जमशेद आलम

उन्होंने बताया, “मेरे पिता ने क्रिकेट खेलने से मना कर दिया, कह दिया कि इसका नाम भी कभी मत लेना. मैंने तब सोचा कि क्रिकेट या कुछ नहीं. मेरे पास 2500 रुपये थे, जिसे लेकर मैं घर से निकल गया. मेरा दोस्त शोएब खान, लखनऊ में रहता था और वह एक क्रिकेट अकैडमी जाता था. मैंने उसे बताया तो वह मुझे उसके घर रोकने के लिए तैयार हो गया. एक महीने तक मेरा अपने पिता से कोई संपर्क नहीं हुआ था. वह मान चुके थे कि मैं बिगड़ गया. उस दौरान मैंने क्रिकेट अकैडमी जाना शुरू कर दिया.”

कोच के चैलेंज को पूरा कर फ्री में ली ट्रेनिंग

उन्होंने बताया कि उनके भाई ने उनसे वादा किया कि वे एडमिशन फीस का इंतजाम कर देंगे. लेकिन कोच ने उन्हें एक चैलेंज दिया. उन्होंने कहा, “मेरे कोच बिस्वजीत सिन्हा ने कहा कि अगर मैं कुछ ऐसे स्पेल डालूं जिससे टीम मैच जीत जाए, तो वे मुझे मुफ्त में कोचिंग देंगे. मैंने अकेले दम पर अगले दो मैच जिता दिए, और उसके बाद से मुझे कभी फीस नहीं देनी पड़ी. मेरे भाई और मेरे दोस्त के परिवार ने मुझे वापस लौटने के लिए मना लिया. मेरे पिता अभी भी मुझसे बहुत नाराज थे, लेकिन मेरे भाई ने उनके साथ एक समझौता कर लिया.”

“उन्होंने मेरे पिता से कहा कि मुझे दो साल का समय दें. अगर कुछ नहीं हुआ तो फिर क्रिकेट नहीं खेलेगा और पढ़ाई पर ही ध्यान लगाएगा. 2 साल के अंदर, मैं उत्तर प्रदेश की अंडर 19 टीम में पहुंच गया.”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *