घर पर फटाफट कैसे बनाएं फ्रेंच टोस्ट? नोट कर लें रेसिपी

6217fca2f9b926d846645ecbb4a827ea17904838319481471 original


सुबह के समय अक्सर समझ नहीं आता कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट भी हो और ज्यादा समय भी न ले. खासकर जब जल्दी ऑफिस, कॉलेज या किसी काम के लिए निकलना हो तो लंबी रेसिपी बनाने का मन नहीं करता. ऐसे में फ्रेंच टोस्ट एक आसान विकल्प हो सकता है. इसे बनाने के लिए घर में मिलने वाली कुछ सामान्य चीजों की जरूरत पड़ती है और इसे कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम फ्रेंच टोस्ट चाय या कॉफी के साथ भी अच्छा लगता है. अगर आपने इसे कभी घर पर नहीं बनाया है तो इसकी आसान रेसिपी नोट कर लें.

सबसे पहले ये सामान कर लें तैयार

फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. इसके लिए ब्रेड की कुछ स्लाइस, दूध, चीनी, अंडे, थोड़ा मक्खन या तेल और स्वाद के लिए दालचीनी पाउडर या इलायची पाउडर लिया जा सकता है. अगर आपको फ्रेंच टोस्ट ज्यादा मीठा पसंद है तो चीनी की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से रख सकते हैं. ब्रेड बहुत ज्यादा नरम हो तो उसे हल्का सूखा लेना बेहतर रहेगा, क्योंकि इससे टोस्ट बनाते समय वह आसानी से टूटेगा नहीं.

अंडे और दूध का मिश्रण तैयार करें

 फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में अंडे फोड़कर अच्छी तरह फेंट लें. अब फेंटे हुए अंडो में दूध, चीनी और थोड़ा दालचीनी पाउडर डालकर सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें. मिश्रण को बहुत ज्यादा पतला रखने की जरूरत नहीं है. चीनी पूरी तरह मिल जाए तो मिश्रण को एक तरफ रख दें. यही मिश्रण ब्रेड को फ्रेंच टोस्ट का स्वाद और नरम बनावट भी देनें में मदद करेगा.

यह भी पढ़ें : घर पर कैसे बनाते हैं कटहल का अचार, नोट कर लीजिए रेसीपी

ब्रेड को मिश्रण में डुबोकर सेंकें

अब एक ब्रेड स्लाइस लें और उसे तैयार किए गए मिश्रण में दोनों तरफ से हल्का डुबोएं. ध्यान रखें कि ब्रेड को बहुत देर तक मिश्रण में न रखें, वरना वह ज्यादा नरम होकर टूट सकती है. इसके बाद तवे पर थोड़ा मक्खन या तेल गर्म करें और ब्रेड को दोनों तरफ से अच्छी तरह से सेंक लें. जब दोनों तरफ हल्का सुनहरा रंग और कुरकुरापन आ जाए तो ब्रेड को तवे से निकाल लें.

ऊपर से डालें अपनी पसंद की चीज

फ्रेंच टोस्ट को गर्मागर्म ही परोसना ज्यादा अच्छा लगता है. इसके ऊपर शहद, मेपल सिरप, थोड़ी पिसी चीनी या कटे हुए फल भी डाल सकते हैं. अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद नहीं है तो इसे सिर्फ मक्खन के साथ भी खाया जा सकता है. केले, सेब या स्ट्रॉबेरी जैसे फलों के साथ इसका स्वाद और अच्छा लग सकता है.

चाय या कॉफी के साथ करें सर्व

फ्रेंच टोस्ट सुबह के नाश्ते के लिए अच्छा विकल्प है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता. बच्चों से लेकर बड़ों तक इसे अपनी पसंद के हिसाब से मीठा या हल्का रखकर खा सकते हैं. अगर सुबह जल्दी हो तो रात में ही सारी सामग्री तैयार करके रख सकते हैं और सुबह तवे पर टोस्ट बनाकर कुछ ही मिनट में नाश्ता तैयार कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें : चाय बनाने के बाद फेंक देते हैं अदरक, इससे बनाएं चटपटी चटनी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *