रणवीर ब्रार के तरीके से बनाएं ढाबा स्टाइल मशरूम मसाला, जानें रेसिपी

1b44581c22391b68d429e1fbb77246ba17898940944861471 original


मशरूम की सब्जी को अगर हर बार एक ही तरह से बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार इसमें थोड़ा ढाबा वाला ट्विस्ट दे सकते हैं. ढाबे पर मिलने वाली सब्जियों में मसालों का स्वाद थोड़ा अलग और ज्यादा गहरा होता है, जिसकी वजह से साधारण सी सब्जी भी काफी खास लगती है. मशरूम मसाला भी ऐसी ही डिश है, जिसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसमें मशरूम के साथ दही और कई तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. ऊपर से अगर इसमें हल्का स्मोकी स्वाद जोड़ दिया जाए तो यह रेसिपी और भी स्वादिष्ट बन जाती है. शेफ रणवीर ब्रार ने भी मशरूम मसाला बनाने का एक तरीका शेयर किया है, जिसे आप घर पर ट्राई कर सकते हैं.

मशरूम को मसालों के साथ करें तैयार

इस रेसिपी की शुरुआत मशरूम को अच्छी तरह साफ करने से करें. इसके लिए मशरूम को एक बर्तन में लेकर उसमें थोड़ा गेहूं का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं और फिर पानी से साफ करें. मशरूम साफ होने के बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, स्वाद के अनुसार नमक, तेल, बारीक कटी हरी मिर्च और धनिया की डंठल डालें. इसके बाद इसमें फेंटा हुआ दही, देगी लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा जीरा पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. मशरूम को कुछ देर इसी मिश्रण में रखने से मसालों का स्वाद अच्छी तरह इसमें आ जाएगा और पकने के बाद सब्जी ज्यादा स्वादिष्ट लगेगी.

 कड़ाही में तैयार करें ढाबे जैसा मसाला

अब एक कड़ाही या हैंडी में तेल गर्म करें और उसमें सूखी कश्मीरी लाल मिर्च और जीरा डालें. इसके बाद इसमें मोटे कटे हुए प्याज डालकर कुछ देर पकाएं, जब तक प्याज हल्का नरम न हो जाए. अब मसालों में तैयार किए गए मशरूम को कड़ाही में डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और बर्तन को कुछ देर के लिए ढक दें, ताकि मशरूम और मसाले अच्छी तरह पक सकें. जब मशरूम पक जाए तो इसमें गरम मसाला और थोड़ा मक्खन डालकर अच्छी तरह मिला लें. मक्खन डालने से सब्जी में स्वाद के साथ अच्छी खुशबू भी आएगी.

यह भी पढ़ें : 15 मिनट में घर पर ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल पनीर दो प्याजा, आ जाएगा मजा

 इस ट्रिक से मिलेगा स्मोकी फ्लेवर

ढाबे वाले स्वाद को और करीब लाने के लिए इस रेसिपी में स्मोकी फ्लेवर दिया जा सकता है. इसके लिए एक छोटे स्टील के बर्तन में जलता हुआ कोयला रखें और उसके ऊपर थोड़ा घी डाल दें. अब इस बर्तन को तैयार मशरूम मसाला के बीच में रखकर कड़ाही या हैंडी को कुछ देर के लिए ढक दें. कोयले से निकलने वाला धुआं सब्जी में अच्छी तरह समा जाएगा और इसमें हल्की स्मोकी खुशबू आने लगेगी. कुछ देर बाद कोयले को सावधानी से बाहर निकाल दें और सब्जी को एक बार अच्छी तरह मिला लें. यही छोटा सा तरीका साधारण मशरूम मसाला को ढाबे जैसा स्वाद देने में मदद कर सकता है.

 काजू और धनिया से करें गार्निश

जब मशरूम मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसे एक सर्विंग बाउल में निकाल लें. इसके ऊपर बारीक कटा हरा धनिया और काजू डालकर गार्निश किया जा सकता है. गरमा-गरम मशरूम मसाला रोटी, नान या पराठे के साथ परोसें. इस रेसिपी में मशरूम के साथ दही, मसाले, मक्खन और स्मोकी फ्लेवर का इस्तेमाल होने की वजह से इसका स्वाद सामान्य मशरूम सब्जी से थोड़ा अलग रहता है. अगर घर पर कुछ नया और स्वादिष्ट बनाने का मन है तो रणवीर ब्रार के इस तरीके से मशरूम मसाला ट्राई कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें : घर में कैसे बनाएं दूध दाल वाली शाही रेसिपी, यहां जानें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *