हॉलीवुड की मच अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर ऑडियंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है. फिल्म के फाइनल ट्रेलर ने रिलीज होते ही व्यूज के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है.
महज 24 घंटे में इस ट्रेलर को 563 मिलियन यानी करीब 56.3 करोड़ बार देखा गया. इसके साथ ही यह फिल्म दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मूवी ट्रेलर बन गया है.
ट्रेलर ने तोड़े कई रिकॉर्ड्स
रुसो ब्रदर्स के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का फाइनल ट्रेलर अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला डिजनी ट्रेलर बन गया है. वहीं, दुनियाभर की फिल्मों के ट्रेलर की लिस्ट में इसे दूसरा स्थान मिला है.
इससे पहले फिल्म के शुरुआती टीजर को रिलीज के पहले 24 घंटों में 503 मिलियन यानी 50.3 करोड़ व्यूज मिले थे. अब फाइनल ट्रेलर ने इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया है.
इतना ही नहीं, इसने साल 2024 में आई ‘डेडपूल एंड वुल्वरिन’ के सुपर बाउल टीजर को भी पछाड़ दिया है. उस टीजर को टीवी व्यूज मिलाकर 365 मिलियन यानी 36.5 करोड़ बार देखा गया था.
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ से अब भी पीछे
ट्रेलर को मिले शुरुआती व्यूज के मामले में फिलहाल ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ से आगे सिर्फ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ है. सोनी और मार्वल स्टूडियोज की फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के ट्रेलर को रिलीज के शुरुआती 24 घंटों में 718.6 मिलियन यानी करीब 71.86 करोड़ व्यूज मिले थे.
हालांकि, दोनों फिल्मों के ट्रेलर रिलीज करने के तरीके में अंतर है. ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के ट्रेलर को दुनियाभर में प्रमोशनल स्ट्रैटजी के सीथ रिलीज किया गया था, जबकि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का ट्रेलर अचानक जारी किया गया है.
सोशल मीडिया पर भी छाया फिल्म का ट्रेलर
ट्रेलर को सिर्फ यूट्यूब पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. रिलीज के शुरुआती 24 घंटों में सोशल मीडिया पर इसे 10 लाख मेंशन मिले.
इस मामले में यह साल 2023 के बाद से दूसरा सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला फिल्म ट्रेलर बन गया है. इससे आगे इसी फिल्म का पहले रिलीज हुआ टीजर है, जिसे करीब 10 लाख मेंशन मिले थे.
फिल्म में एक साथ दिखेंगी कई सुपरहीरो टीमें
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर एक्साइटमेंट की एक बड़ी वजह इसका स्टारकास्ट भी है. फिल्म में सैम विल्सन के नेतृत्व वाली एवेंजर्स टीम के साथ न्यू एवेंजर्स, फैंटास्टिक फोर और एक्स-मैन जैसे सुपरहीरो ग्रुप भी नजर आएंगे.
फिल्म का निर्देशन जो रुसो और एंथनी रुसो ने किया है. इससे पहले दोनों ने ‘एवेंजर्स: इंफिनिटी वॉर’ और ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ में भी साथ काम किया है.
फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे. वहीं, एंथनी मैकी, क्रिस इवांस और क्रिस हेम्सवर्थ समेत कई कलाकार अपने फेमस सुपरहीरो वाले रोल्स में वापसी करेंगे.