क्रिकेट में विकेट लेने के कई तरीके हैं, लेकिन बल्लेबाज के स्टंप उड़ा देना गेंदबाज के लिए सबसे खास माना जाता है. गेंद जब सीधे स्टंप पर जाकर लगती है, तो उसमें गेंदबाज की लाइन, लेंथ, स्विंग या स्पिन का असर साफ दिखाई देता है. यही वजह है कि करियर में कितने बल्लेबाजों को बोल्ड किया, यह भी किसी गेंदबाज के रिकॉर्ड का अहम हिस्सा माना जाता है. क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुनिया में सिर्फ 5 गेंदबाज ऐसे हैं, जिन्होंने अपने करियर में 200 या उससे ज्यादा बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड किया है. हैरानी की बात यह है कि इस खास लिस्ट में एक भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है.
मुथैया मुरलीधरन – 290 बोल्ड
इस लिस्ट में सबसे ऊपर श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का नाम है. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 1347 विकेट लिए और इनमें 290 विकेट बोल्ड के जरिए आए. अपनी घूमती हुई गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले मुरलीधरन ने कई बार स्टंप्स को निशाना बनाया.
वसीम अकरम – 278 बोल्ड
पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं. उनके नाम कुल 916 इंटरनेशनल विकेट हैं, जिसमें 278 बल्लेबाज बोल्ड हुए. अकरम की इनस्विंग और रिवर्स स्विंग गेंदें खास तौर पर खतरनाक थीं. कई बल्लेबाजों को उनकी गेंद समझने का मौका तक नहीं मिलता था.
वकार यूनिस – 253 बोल्ड
वसीम अकरम के साथ पाकिस्तान की मशहूर तेज गेंदबाजी जोड़ी का हिस्सा रहे वकार यूनिस भी इस क्लब में हैं. उन्होंने 789 विकेट हासिल किए और 253 बल्लेबाजों को बोल्ड किया. उनकी तेज रफ्तार यॉर्कर इस रिकॉर्ड की सबसे बड़ी वजहों में से एक रही.
मिचेल स्टार्क – 223 बोल्ड
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क इस सूची में चौथे नंबर पर हैं. उनके नाम 761 इंटरनेशनल विकेट हैं, जिनमें 223 बोल्ड विकेट शामिल हैं. स्टार्क की तेज रफ्तार, स्विंग और खतरनाक यॉर्कर ने दुनियाभर के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाला है.
जेम्स एंडरसन – 201 बोल्ड
इंग्लैंड के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में शामिल जेम्स एंडरसन ने भी इस खास क्लब में जगह बनाई. उन्होंने अपने करियर में 991 विकेट लिए और 201 बल्लेबाजों को बोल्ड किया. खासकर टेस्ट क्रिकेट में उनकी स्विंग गेंदबाजी लंबे समय तक बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनी रही.
लिस्ट में कोई भारतीय नहीं
इस रिकॉर्ड की सबसे खास बात यही है कि 200 या उससे ज्यादा बोल्ड विकेट लेने वाले इन पांचों गेंदबाजों में कोई भारतीय नहीं है. मुरलीधरन 290 बोल्ड के साथ सबसे आगे हैं, जबकि वसीम अकरम और वकार यूनिस भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं. स्टार्क और एंडरसन ने भी 200 का आंकड़ा पार कर इस खास रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है.
यह भी पढ़ें- पहले टेस्ट में श्रीलंकाई गेंदबाज ने दिए 175 रन, नाम हुआ यह शर्मनाक रिकॉर्ड