‘मुझे कई बार बेइज्जत किया गया…’, प्रियदर्शन का ‘हेरा फेरी 3’ के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला पर बड़ा आरोप

8215e2eb77e142a8e572e78e116c003f17831640215361400 original


अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले डायरेक्टर प्रियदर्शन ने फिल्म से अलग होने का ऐलान किया और अब उन्होंने प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रियदर्शन का कहना है कि फिरोज ने कई बार उनका अपमान किया और यहां तक कि अक्षय कुमार से भी कहा कि वो उनके साथ ‘हेरा फेरी 3’ न बनाएं.

फिरोज नाडियाडवाला ने किया प्रियदर्शन का अपमान
मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा कि फिरोज नाडियाडवाला ने उनके काम को लेकर कई बार अपमानजनक बातें कहीं. उन्होंने दावा किया, ‘फिरोज ने अक्षय से कहा था कि तुम्हारे पास ‘हेरा फेरी 3’ बनाने के अधिकार हैं, लेकिन इसे कभी भी प्रियदर्शन के साथ मत बनाना. उन्होंने कई बार मेरा अपमान किया. उन्होंने मुझसे कहा कि ‘हेरा फेरी’ (2000) का मेरा कट किसी गरीब आदमी के वर्शन जैसा लगता था और उन्हें मेरी पांच घंटे की फिल्म को एडिट करना पड़ा था.’

‘हेरा फेरी 3’ को लेकर क्या बोले प्रियदर्शन?
प्रियदर्शन ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने ‘हेरा फेरी 3’ डायरेक्ट करने के लिए हामी भर दी थी, क्योंकि उन्हें इस फ्रेंचाइजी पर पूरा भरोसा था. उनका मानना था कि अगर ओरिजिनल स्टार कास्ट के साथ फिल्म बनाई जाती तो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी में बदला जा सकता था. 

यह भी पढ़ें: ओटीटी से थिएटर तक इस फ्राइडे आ रहीं 8 फिल्में और सीरीज, 4 हैं धांसू बाकी सब बेकार!

मैं इसे ‘धुरंधर’ से भी बड़ा बना सकता था…
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा था कि मैं इसे देश की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी में से एक बना सकता हूं. अगर मैं इस फिल्म का निर्देशन करता, तो इसे ‘धुरंधर’ से भी बड़ा बना सकता था. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल तीनों ने मुझसे ‘हेरा फेरी 3′ बनाने का अनुरोध किया था. जब मैंने उन्हें कहानी सुनाई, तो वो सभी काफी एक्साइटेड थे.’

मुझे नहीं लगता ‘हेरा फेरी 3’ आसानी से रिलीज हो पाएगी…
बता दें कि पिछले महीने प्रियदर्शन ने ऐलान किया था कि वो अब ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने कहा था कि फिल्म कई कानूनी विवादों में फंसी हुई है और उन्हें नहीं लगता कि यह जल्द रिलीज हो पाएगी. हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘फिल्म से जुड़े कई कानूनी मुद्दे और आपसी विवाद हैं. ऐसे में मुझे नहीं लगता कि ‘हेरा फेरी 3′ आसानी से रिलीज हो पाएगी.’

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, इस साल की शुरुआत में फिल्म के राइट्स को लेकर मामला अदालत तक पहुंच गया था. एक साउथ की प्रोडक्शन कंपनी ने दावा किया कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के अधिकार फिरोज नाडियाडवाला के पास नहीं हैं. कंपनी का आरोप है कि उन्हें केवल मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ का रीमेक बनाने के अधिकार दिए गए थे, लेकिन बाद में बिना अनुमति इसके सीक्वल बनाए गए और अधिकार किसी तीसरे पक्ष को ट्रांसफर कर दिए गए.

परेश रावल ने फिल्म से किया किनारा
इसी बीच फिल्म एक और विवाद में तब घिर गई, जब एक्टर परेश रावल ने अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया. इसके बाद अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ने उन पर 25 करोड़ रुपये का दावा किया था. हालांकि बाद में परेश रावल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया. 

‘हेरी फेरी 3’ का इंतजार कर रहे फैंस
फिलहाल ‘हेरा फेरी 3’ कई विवादों और कानूनी मामलों में घिरी हुई है. ऐसे में फिल्म कब शुरू होगी और कब रिलीज होगी, इसे लेकर अभी कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, फैंस अब भी उम्मीद कर रहे हैं कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी.

यह भी पढ़ें: आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ ने बॉक्स ऑफिस पर काटा गदर, पहले दिन बनाए ये 2 बड़े रिकॉर्ड



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *