… तो हम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएंगे, क्यों ऐसा बोले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग?

e8b1d6dbc2680ed9748a081221097b331779101568683143 original


आईपीएल 2026 में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा. राजस्थान की टीम अब प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर खिसक गई है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब उनको बाकी दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे. दिल्ली के खिलाफ हार के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग काफी गुस्से में दिखे. मैच के बाद उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर हम ऐसे ही खेलते रहे, तो प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएंगे. 

अगर हम ऐसे ही खेलते रहे, तो हम प्लेऑफ में नहीं जा पाएंगे- रियान पराग

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद रियान पराग ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर हम ट्रॉफी जीतना चाहते हैं, तो हमें बेहतर खेल दिखाना होगा. मैं बहुत निराश हूं. मुझे लगता है कि हमने पिछले चार-पांच मुकाबलों में जैसा प्रदर्शन किया है, उससे हम कहीं ज्यादा बेहतर टीम हैं. हालांकि, ब्रेक से आने के बाद मुझे लगता है कि आज हमने जो एनर्जी, स्किल और एग्जीक्यूशन दिखाया है, वह जाहिर तौर पर वैसा नहीं है. अगर हम ऐसे ही खेलते रहे, तो हम टॉप चार की रेस में नहीं होंगे.”

बता दें कि दिल्ली के खिलाफ राजस्थान ने बैटिंग में तो निराश किया ही, साथ ही उनकी फील्डिंग भी काफी खराब रही. यशराज पुंजा ने केएल राहुल का उस वक्त कैच छोड़ा, जब वह खाता तक नहीं खोल सके थे. इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी और खुद रियान पराग ने भी फील्डिंग में काफी गलतियां कीं. हालांकि, इसके बावजूद राजस्थान अंतिम ओवरों पर मैच में बनी हुई थी. आखिरी के 3 ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 35 रनों की जरूरत थी. अक्षर पटेल क्रीज पर सेट थे, जबकि डेविड मिलर क्रीज पर आए थे. दासुन शनाका और एडम मिल्ने के ओवर बचे होने पर भी कप्तान पराग ने गेंद डोनोवन फरेरा को सौंपी. रियान का यह दांव पूरी तरह से उल्टा पड़ गया और अक्षर-मिलर ने इस ओवर से 16 रन बटोरे और मैच दिल्ली के पक्ष में झुक गया.

फरेरा से बॉलिंग कराने पर क्या बोले पराग?

फरेरा से पारी का 18वां ओवर करने के फैसले पर बात करते हुए रियान ने कहा, “यह कोई जुआं नहीं था. मुझे पता है कि टीवी पर यह एक जुआं जैसा दिखता है, लेकिन फिर आपके पास क्रीज पर दो बाएं हाथ के बल्लेबाज थे. मैं शनाका से एक और ओवर करवाने की बजाय डोनोवन फरेरा से गेंदबाजी करवाना और एक मौका लेना पसंद करूंगा.”

बैटिंग के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी सात ओवर में छह विकेट खोकर सिर्फ 41 रन बनाए. 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 160/2 था. 15वें ओवर में स्टार्क ने टीम को तीन बड़े झटके दिए, जिसमें कप्तान रियान पराग का विकेट भी शामिल रहा. 

कप्तान रियान के अनुसार, राजस्थान के बल्लेबाज उनके आउट होने के बाद सेट प्लेटफॉर्म का फायदा उठाने में नाकाम रहे. उन्होंने कहा, “यह स्कोर 220-230 होना चाहिए था. वहीं, जहां तक गेंदबाजी की बात है, मुझे लगता है कि हमारा प्रदर्शन काफी खराब रहा. हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे.”

यह भी पढ़ें- 

आज CSK और SRH के बीच भिड़ंत, जानें चेन्नई-हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *