Balen Shah Education: बालेन शाह ने भारत में कहां से किया है MTech, वहां कितनी है फीस?

fea190b88eb53bf90211ea46398a59d617955095391551473 original


नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत के दौरे को लेकर चर्चा में हैं. 22 और 23 नवंबर 2026 को उन्होंने भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दिल्ली पहुंचे बालेन शाह की इस यात्रा में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, रेलवे और कनेक्टिविटी जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. उनकी इस यात्रा को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

राजनीति में आने से पहले बालेन शाह भारत में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं. उन्होंने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से MTech की डिग्री हासिल की थी. आज नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में भारत पहुंचने वाले बालेन शाह कभी इसी शहर में एक आम छात्र की तरह अपने भविष्य की तैयारी कर रहे थे. ऐसे में आइए जानते हैं उन्होंने किस कॉलेज से पढ़ाई की और वहां MTech की फीस कितनी है.

बेंगलुरु के इस कॉलेज से की है MTech की पढ़ाई

बालेन शाह ने भारत के बेंगलुरु स्थित Nitte Meenakshi Institute of Technology (NMIT) से मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी यानी MTech किया है. उन्होंने यहां स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका शैक्षणिक सत्र 2016 से 2018 के बीच था. यह संस्थान कर्नाटक के येलहंका इलाके में स्थित है. इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए पहचाने जाने वाले इस संस्थान में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट दोनों स्तरों पर कई तकनीकी कोर्स संचालित किए जाते हैं.

क्या होती है स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग?

बालेन शाह ने जिस विषय में MTech किया है, उसका संबंध इमारतों, पुलों और दूसरी बड़ी संरचनाओं की मजबूती से होता है. स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में यह पढ़ाया जाता है कि किसी निर्माण पर वजन, हवा, भूकंप और दूसरे बाहरी दबावों का कितना असर पड़ सकता है. इस क्षेत्र के इंजीनियर किसी इमारत या पुल का डिजाइन तैयार करने के साथ यह भी सुनिश्चित करते हैं कि वह लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बना रहे. भारत और नेपाल जैसे भूकंप संभावित क्षेत्रों में इस विषय की अहमियत और बढ़ जाती है.

यह भी पढ़ें: 10 की उम्र में कॉलेज और 18 में दुनिया की सबसे यंग प्रोफेसर, जानें कौन हैं आलिया सबूर

कॉलेज में MTech की कितनी है फीस?

अब सवाल आता है कि जिस कॉलेज से नेपाल के प्रधानमंत्री ने पढ़ाई की, वहां आज MTech करने के लिए कितनी फीस देनी पड़ती है? Nitte Meenakshi Institute of Technology की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, MTech प्रोग्राम की फीस 1.28 लाख रुपये प्रति वर्ष निर्धारित है. इसमें परीक्षा शुल्क भी शामिल है. इसके अलावा पहले साल 1,000 रुपये यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन फीस देनी होती है. MTech कोर्स की अवधि दो साल यानी चार सेमेस्टर है. इस हिसाब से दो साल की निर्धारित फीस करीब 2.56 लाख रुपये और रजिस्ट्रेशन फीस मिलाकर लगभग 2.57 लाख रुपये बैठती है. हॉस्टल, रहने-खाने और अन्य व्यक्तिगत खर्च इसमें शामिल नहीं हैं.

पढ़ाई के दिनों से नेपाल के प्रधानमंत्री बनने तक का सफर

बालेन शाह की पहचान केवल एक इंजीनियर के तौर पर नहीं रही है. उन्होंने नेपाल में रैपर के रूप में भी लोकप्रियता हासिल की. उनके गानों में सामाजिक मुद्दों और व्यवस्था से जुड़े सवालों की झलक देखने को मिलती थी. इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और साल 2022 में काठमांडू के मेयर बने. उनकी लोकप्रियता का एक बड़ा आधार युवाओं के बीच उनकी पहचान भी रही. मार्च 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका और बड़ी हो गई.

यह भी पढ़ें: IPS आलोक सिंह बन सकते हैं UPPSC के नए अध्यक्ष, कैसा रहा उनका करियर?

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *