Early Signs Of High Blood Pressure And Diabetes: हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज आज के समय की सबसे तेजी से बढ़ती बीमारियों में शामिल हैं. डॉक्टरों का कहना है कि ये दोनों बीमारियां अक्सर साथ-साथ शरीर में असर डालती हैं और शुरुआत में इनके लक्षण इतने हल्के होते हैं कि लोग उन्हें सामान्य थकान या स्ट्रेस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन समय के साथ यही समस्याएं हार्ट, किडनी, आंखों, दिमाग और ब्लड वेसल्स को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं.
भारत में डायबिटीज की दिक्कत क्यों बढ़ रही है?
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च-INDIAB स्टडी के मुताबिक, भारत में हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज का सीधा संबंध मोटापे, कम फिजिकल एक्टिविटी और खराब लाइफस्टाइल से जुड़ा हुआ है. स्टडी में यह भी सामने आया कि शहरों के साथ-साथ गांवों में भी बड़ी संख्या में लोग इन बीमारियों से अनजान हैं.
किन लक्षणों को नहीं करना चाहिए इग्नोर?
कोरोना रेमेडीज लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ मेडिकल अफेयर्स डॉ. अमीत सोनी कहते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज आपस में जुड़ी मेटाबॉलिक कंडीशंस हैं. कई बार एक बीमारी दूसरी की स्थिति को तेजी से खराब कर देती है. लगातार सिर दर्द, धुंधला दिखना, असामान्य थकान, पैरों में सूजन और बार-बार यूरिन आना जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर दोनों के बिगड़ने का संकेत हो सकते हैं.
डायबिटीज से आर्टरीज को क्या नुकसान होता है?
डॉक्टरों के मुताबिक, बार-बार होने वाला सिर दर्द खासतौर पर सुबह के समय या थोड़ी मेहनत के बाद महसूस होना हाई ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है. वहीं अगर इसके साथ डायबिटीज भी हो, तो ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचने का खतरा और बढ़ जाता है. डायबिटीज आर्टरीज को सख्त बना देती है, जिससे हार्ट को खून पंप करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.
सह्याद्री सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पुणे के एंडोक्रिनोलॉजी और डायबिटीज डायरेक्टर डॉ. उदय फड़के ने TOI को बताया कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर बिना किसी बड़े लक्षण के एक ही व्यक्ति में मौजूद हो सकते हैं. दोनों मिलकर हार्ट डिजीज, स्ट्रोक, किडनी प्रॉब्लम और आंखों की रोशनी जाने का खतरा बढ़ा देते हैं.
आंखों के नसों के नुकसान का क्या होता है लक्षण?
डॉक्टरों का कहना है कि धुंधला दिखना, आंखों के सामने काले धब्बे नजर आना या अचानक फोकस करने में परेशानी होना सिर्फ आंखों की थकान नहीं हो सकती. यह डायबिटिक रेटिनोपैथी या हाई ब्लड प्रेशर से आंखों की नसों को हुए नुकसान का संकेत भी हो सकता है.
इसे भी पढ़ें – Heart Fights Cancer: दिल धड़क रहा है यानी कैंसर से लड़ रहा है, नई स्टडी से जागी उम्मीद
क्या होते हैं इसके लक्षण?
इसके अलावा पैरों में सूजन, लगातार थकान, रात में बार-बार पेशाब आना और बहुत ज्यादा प्यास लगना भी शरीर के अंदर चल रही गंभीर समस्या की चेतावनी हो सकते हैं. डॉक्टरों के अनुसार, जब किडनी ब्लड से अतिरिक्त शुगर और फ्लूइड को ठीक से फिल्टर नहीं कर पाती, तब ये लक्षण दिखने लगते हैं.
क्यों बढ़ रहा है इसका खतरा?
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि खराब नींद, घंटों बैठकर काम करना, ज्यादा नमक और पैकेज्ड फूड खाना, स्मोकिंग, शराब और कम एक्सरसाइज की आदत युवाओं में इन बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ा रही है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि 30 साल की उम्र के बाद नियमित ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर चेक करवाना बेहद जरूरी है. इसे साथ ही रोजाना वॉक, हेल्दी डाइट, बेहतर नींद और वजन कंट्रोल जैसी छोटी आदतें भविष्य में बड़ी बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- Vitamin D Deficiency: क्या बिना बात रहता है बदन दर्द और खराब मूड, कहीं इस विटामिन की कमी से तो नहीं हो रहा ऐसा?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator