डेयरी किसानों की बल्ले-बल्ले, उत्पादन 69% बढ़ा, देश के ये 5 राज्य सबसे आगे

f719f05f716286de7e0bac95ddf452e417956023389171241 original


भारत में दूध का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है. इसका फायदा देश के करोड़ों डेयरी किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिल रहा है. पिछले 10 साल में देश में दूध उत्पादन करीब 69% बढ़कर 247.87 मिलियन टन पहुंच गया है. इसके साथ ही भारत दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादक देश के रूप में अपनी जगह बनाए हुए है. हालांकि, उत्पादन बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि बाजार में दूध की कीमतें तुरंत कम हो जाएंगी. क्योंकि दूध के दाम मांग, सप्लाई, पशुओं के चारे और दूसरे खर्चों पर भी निर्भर करते हैं.

26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस से पहले जारी सरकारी फैक्टशीट के मुताबिक, 2014-15 में भारत में 146.31 मिलियन टन दूध का उत्पादन हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 247.87 मिलियन टन हो गया. दुनिया के कुल दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 25% है.

दूध उत्पादन में कौन-से 5 राज्य है सबसे आगे?

देश के कुल दूध उत्पादन में पांच राज्यों की हिस्सेदारी 54.09% है. इनमें उत्तर प्रदेश सबसे आगे है. वहीं, राज्यों का योगदान इस प्रकार है. 

  • उत्तर प्रदेश: 15.66%
  • राजस्थान: 14.82%
  • मध्य प्रदेश: 9.12%
  • गुजरात: 7.78%
  • महाराष्ट्र: 6.71%

प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी बढ़ी

दूध उत्पादन बढ़ने के साथ देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता में भी इजाफा हुआ है. 2014-15 में यह 319 ग्राम रोजाना थी, जो 2024-25 में बढ़कर 485 ग्राम हो गई. वहीं, प्रति पशु सालाना औसत दूध उत्पादन 1,640 किलोग्राम से बढ़कर 2,800 किलोग्राम पहुंच गया.

कितने ग्रामीण परिवारों को मिलता है रोजगार?

डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है. देश के करीब 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवार इससे अपनी आजीविका चलाते हैं. बड़ी बात यह है कि इस डेयरी से जुड़े काम करने वाले लोगों में करीब 70% महिलाएं हैं. भारत के डेयरी सहकारी नेटवर्क में 22 दुग्ध महासंघ और 241 जिला सहकारी दुग्ध संघ शामिल हैं. यह नेटवर्क करीब 2.45 लाख गांवों और 1.65 करोड़ डेयरी किसानों तक पहुंचता है.

क्या अब दूध के दाम घटेंगे?

दूध उत्पादन बढ़ने से इसकी उपलब्धता बेहतर हो सकती है, लेकिन इससे कीमतों में तुरंत गिरावट तय नहीं है. दूध के दाम पशुओं के चारे, परिवहन, उत्पादन लागत और बाजार की मांग जैसे कई चीजों पर निर्भर करते हैं. इसलिए उत्पादन बढ़ने के बावजूद दूध सस्ता होगा या नहीं, यह आने वाले समय में बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा. हर साल 26 नवंबर को डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाता है. उन्हें भारत की श्वेत क्रांति का जनक भी कहा जाता है.

Sugar Rate: बिना टैक्स बाहर से मंगा सकते हैं कच्ची चीनी, सरकार का बड़ा फैसला



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *