Eggs Kejriwal Recipe Mumbai Style: अगर आप अंडे से बनी नई-नई डिश ट्राई करना पसंद करते हैं, तो एग्स केजरीवाल आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. नाम सुनकर भले ही इसका राजनीति से कोई संबंध लगता हो, लेकिन असल में यह मुंबई की एक मशहूर डिश है, जिसका किसी राजनीतिक व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है. ब्रेड, चीज़, अंडे और हरी मिर्च से तैयार होने वाली यह डिश अपने लाजवाब स्वाद और दिलचस्प कहानी की वजह से आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. चलिए आपको इस डिश की कहानी बताते हैं और यह बताते हैं कि इसको आप घर पर कैसे बना सकते हैं.
क्या है एग्स केजरीवाल की कहानी?
एग्स केजरीवाल की शुरुआत 1960 के दशक में मुंबई के साउथ मुंबई स्थित विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब से हुई थी. कहा जाता है कि क्लब के नियमित सदस्य और कारोबारी देवी प्रसाद केजरीवाल अक्सर नाश्ते में टोस्ट पर अंडा, चीज़ और बारीक कटी हरी मिर्च वाली यही डिश ऑर्डर किया करते थे. धीरे-धीरे दूसरे सदस्य भी वही डिश मांगने लगे और किचन स्टाफ से कहते थे कि जो केजरीवाल खा रहे हैं, वही दे दीजिए. यही वजह है कि बाद में इस डिश का नाम एग्स केजरीवाल पड़ गया और यह नाम हमेशा के लिए मशहूर हो गया.
इसे भी पढ़ें – Sawan 2026 Vrat Recipes: उपवास में बनाएं ये पारंपरिक फलाहारी डिश, जिससे मिलेगा स्वाद और बनेगी सेहत
देशभर में मशहूर
समय के साथ यह डिश क्लब की सीमाओं से निकलकर देशभर के कैफे और रेस्तरां के मेन्यू तक पहुंच गई. हालांकि कई जगह इसमें अलग-अलग तरह के चीज या ब्रेड का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसका मूल स्वाद ब्रेड, चीज, अंडे और हरी मिर्च के बेहतरीन मेल में ही छिपा है.
कैसे इसको बना सकते हैं आप?
अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले ब्रेड स्लाइस को हल्का टोस्ट कर लें. अब कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटी हरी मिर्च, स्प्रिंग अनियन और थोड़ा सा काली मिर्च पाउडर मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें. इस मिश्रण को टोस्ट पर अच्छी तरह फैलाएं और पहले से गर्म ओवन में तब तक बेक करें, जब तक चीज सुनहरा होकर पिघल न जाए. दूसरी तरफ एक पैन में थोड़ा सा तेल डालकर अंडा फ्राई करें. ऊपर से थोड़ा चीज, स्प्रिंग अनियन और हरी मिर्च डालें. जब अंडे का सफेद हिस्सा पक जाए और जर्दी हल्की नरम रहे, तब इसे तैयार चीज टोस्ट के ऊपर रख दें. चाहें तो इसे टोमैटो केचप के साथ तुरंत गर्मागर्म परोस सकते हैं. क्रिस्पी टोस्ट, पिघला हुआ चीज़, हल्की तीखी हरी मिर्च और सॉफ्ट अंडे का स्वाद इस डिश को बेहद खास बना देता है.
इसे भी पढ़ें – Kopi Luwak: इस जानवर की पॉटी से बनती है दुनिया की सबसे महंगी ड्रिंक! एक कप की कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश