Iran War Price Rise in Air Travel: ईरान और इज़राइल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध जैसे हालात का असर अब हिंदुस्तान के आम यात्री की जेब पर सीधा पड़ रहा है. कच्चे तेल की सप्लाई बाधित होने से एविएशन टर्बाइन फ्यूल ATF की कीमतें बढ़ चुकी हैं और एयरलाइंस ने फ्यूल सरचार्ज भी थोप दिया है और नतीजा सामने है. देश के तकरीबन हर बड़े रूट पर फ्लाइट का टिकट पिछले दिनों में 30-35 फीसदी तक महंगा हो गया है.
हाल ही में डोमेस्टिक एयरलाइंस के लिए ATF 8.5 फीसदी बढ़ा है. ATF किसी भी एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च का 35 से 45 फीसदी हिस्सा होता है इसलिए जैसे ही ईंधन महंगा होता है टिकट की कीमत सीधे ऊपर चढ़ जाती है तो इसका असर अब देखिए जनता पर कितना पड़ रहा है.
दिल्ली से उड़ान पहले कितना, अब कितना?
हवाई किराए को लेकर 16 अप्रैल की बुकिंग देखें तो दिल्ली से गोवा का सबसे सस्ता नॉन-स्टॉप टिकट अभी ₹8,384 से शुरू होता है. IndiGo पर यही रूट ₹9,038 से ₹11,098 के बीच चल रहा है. कुछ हफ्ते पहले यही टिकट ₹4,500 से ₹6,000 के बीच मिल जाता था और अगर अगले दिन की बुकिंग दिल्ली जाए तो यह रेट15 हज़ार तक भी नजर आ जाते है. दिल्ली से बेंगलुरु का हाल और भी बुरा है 16 अप्रैल को किराया ₹12,596 तक पहुंचा हुआ है और इसमें भी अगले दिन का किराया 15 से 17 हजार तक आ जाता है .
जयपुर से कितना लगेगा किराया?
जयपुर से बेंगलुरु रूट पर 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी न्यूनतम किराया ₹11,568 से लेकर अधिकतम ₹24,129 तक. जयपुर से अहमदाबाद ₹7,036 से ₹12,443 के बीच, पिछले साल के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा. जयपुर से मुंबई ₹6,305 से ₹13,481 तक करीब 10 फीसदी महंगा. जयपुर से गोवा ₹13,128 रुपये और मांग इतनी ज्यादा है कि ऊपरी सीमा बताना मुश्किल हो गया है.
रांची और नागपुर के यात्री भी परेशान
रांची से दिल्ली का किराया जो आम दिनों ₹8,000-₹10,000 था वो अब ₹12,000-₹15,000 तक पहुंच गया है. मुंबई का टिकट ₹14,000-₹16,000 हो गया है. कोलकाता ₹8,000-₹10,000 और हैदराबाद ₹10,000-₹13,000 के बीच चल रहा है. नागपुर से दिल्ली का किराया महज एक दिन में ₹10,228 से उछलकर ₹13,495 हो गया. जबकि कुछ हफ्ते पहले यही टिकट ₹5,500-₹6,000 में मिल रहा था.
चंडीगढ़ से बेंगलुरु का किराया 31 मार्च तक ₹12,000 था जो अब ₹16,000 तक पहुंच गया. चेन्नई से हैदराबाद का टिकट जो सामान्यत ₹6,000 में मिलता था वो इस वीकेंड ₹19,000 तक बिका. कोच्चि का टिकट ₹4,000 से तीन गुना उछलकर ₹18,000 पर पहुंच गया.
IndiGo ने 14 मार्च से सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाया रूट के हिसाब से ₹425 से ₹2,300 प्रति सीट है. Air India और Air India Express ने 12 मार्च से घरेलू टिकटों पर ₹399 का फ्यूल सरचार्ज लागू किया. Akasa Air ने भी 15 मार्च से अपना सरचार्ज जोड़ा है.
फ्यूल सरचार्ज भी एक्स्ट्रा वसूली
IndiGo ने 2 अप्रैल से नया सरचार्ज ढांचा लागू किया है. डोमेस्टिक रूट्स पर दूरी के हिसाब से ₹275 से ₹950 तक अतिरिक्त लगेगा. Air India और Akasa Air ने भी इसी तरह के सरचार्ज लागू किए हैं.दिल्ली से लखनऊ जैसे शॉर्ट रूट पर ₹275 – मुंबई-कोलकाता पर ₹600 – बेंगलुरु-हैदराबाद पर ₹800 और चेन्नई पर ₹950 अतिरिक्त देना होगा.
इंटरनेशनल उड़ानों में तो राहत ही नहीं है . खाड़ी और मिडिल ईस्ट रूट्स पर ₹3,000 से ₹5,000 और यूरोप-यूके के लिए ₹10,000 तक का फ्यूल सरचार्ज लग रहा है. जब तक ईरान संकट कम नहीं होता और कच्चे तेल की सप्लाई सामान्य नहीं होती हवाई किराए में गिरावट की उम्मीद नहीं है और सरकार ने डोमेस्टिक एयरलाइंस को आंशिक राहत दी है पूरा ATF बोझ यात्रियों पर नहीं डाला जाएगा, लेकिन इंटरनेशनल रूट्स पर ऐसी कोई ढाल नहीं है. फिलहाल जितनी जल्दी टिकट बुक करें उतना बेहतर.