Video: ‘रामायण’ में लक्ष्मण बनने के लिए रवि दुबे ने दिया था ऐसा ऑडिशन, 15-20 दिन तक नहीं मिला कोई जवाब

b6c5c64fc8416b32cf778c1f3e6f944817955867090691400 original


नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन से ही रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है. इस माइथोलॉजिकल फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने माता सीता और यश ने रावण का किरदार निभाया है. वहीं, रवि दुबे फिल्म में लक्ष्मण के रोल में नजर आ रहे हैं. इस फिल्म के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया है.

‘रामायण’ में रवि दुबे की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है. दर्शकों का कहना है कि लक्ष्मण के रोल के लिए रवि से बेहतर कोई नहीं हो सकता. कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि रवि दुबे का जन्म ही लक्ष्मण का किरदार निभाने के लिए हुआ है. सोशल मीडिया पर भी फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.

मुकेश छाबड़ा ने शेयर किया रवि दुबे का ऑडिशन वीडियो

अब फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने रवि दुबे के ऑडिशन का एक वीडियो शेयर किया है. इसके साथ ही एक्टर ने बताया कि लक्ष्मण के किरदार के लिए उन्होंने किस तरह तैयारी की थी और ऑडिशन देने के बाद उन्हें लंबे समय तक जवाब का इंतजार करना पड़ा था.

वनवास वाले सीन के डायलॉग बोलते नजर आए रवि दुबे

दरअसल, हाल ही में रवि दुबे IMDbPro के शो ‘हाउ आई मेड इट’ के पहले सीजन में पहुंचे थे. यहां उन्होंने मुकेश छाबड़ा से बातचीत की. इस दौरान मुकेश ने ‘रामायण’ में लक्ष्मण के किरदार के लिए दिए गए रवि दुबे के ऑडिशन का वीडियो भी दिखाया. इस वीडियो में रवि लंबी दाढ़ी में नजर आ रहे हैं और वनवास वाले सीन के डायलॉग बोलते दिखाई दे रहे हैं.

‘मैं यहां सेवा करने के लिए हूं’

मुकेश ने जब रवि से पूछा कि उन्होंने इस किरदार के ऑडिशन के लिए कैसे तैयारी की थी, तो एक्टर ने बताया कि लक्ष्मण के किरदार की अपनी अलग खूबियां हैं. रवि ने कहा, ‘लक्ष्मण के किरदार की सबसे बड़ी खूबियां हैं उनकी सेवा भावना, वफादारी और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण. उन्हें सबसे आगे रहने की कोई इच्छा नहीं है. इसलिए आपको बार-बार खुद से कहना होता है कि मैं यहां सेवा करने के लिए हूं. ऑडिशन देते वक्त भी मेरे दिमाग में यही एक बात थी कि मैं यहां सेवा करने के लिए हूं.’

उन्होंने आगे बताया कि ऑडिशन देने के बाद जब वो घर लौटे तो मंदिर के सामने खड़े होकर भगवान से बात की. रवि ने कहा, ‘मैंने भगवान से कहा कि ये अब तक की सबसे बड़ी फिल्म है, जिसके लिए मैंने ऑडिशन दिया है और मुझे लगता है कि मेरा ऑडिशन अच्छा गया है. भगवान, मैं अब तक यहां तक पहुंच गया, मेरे लिए यही बहुत है. आज तक मैं कभी इतनी दूर नहीं आया था. मेरे लिए इतना ही काफी था और मैं इसके लिए भी आभारी था.’

15-20 दिन तक नहीं मिला कोई जवाब

रवि ने बताया कि ऑडिशन देने के बाद करीब 15-20 दिनों तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. ऐसे में उन्होंने लगभग मान लिया था कि शायद उनका सिलेक्शन नहीं हुआ और अब उन्हें आगे बढ़ जाना चाहिए. हालांकि, कुछ समय बाद मुकेश छाबड़ा का उन्हें मैसेज आया और उन्होंने रवि को फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी से मिलने के लिए कहा.

इस पूरे इंतजार को याद करते हुए रवि ने कहा, ‘इसके बाद फिर 15-20 दिनों तक कोई जवाब नहीं आया. मेरे मन में एक पल के लिए ख्याल आया कि शायद उन्हें मुझसे बेहतर कोई मिल गया होगा. कोई बात नहीं, हमें अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहिए. लेकिन 15-20 दिन बाद मुझे फिर फोन आया और स्क्रिप्ट रीडिंग के लिए बुलाया गया. वहीं मुझे पता चला कि रणबीर कपूर भी इस फिल्म में हैं.’

‘रामायण’ के बारे में जानिए

‘रामायण’ को नमित मल्होत्रा और यश ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, रकुल प्रीत सिंह, सोनल झा और विवेक ओबेरॉय समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म का म्यूजिक ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ ने अब तक 972.95 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *