Warning Signs Of POP False Ceiling Collapse: घर की छत पर लगा प्लास्टर ऑफ पेरिस सीलिंग कमरे को सुंदर लुक देता है, लेकिन अगर इसमें कुछ बदलाव नजर आने लगें तो उन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. छत से अचानक आवाज आना, पीओपी का नीचे की ओर झुकना या उसमें दरारें दिखाई देना ऐसी चीजें हैं, जिन पर तुरंत ध्यान देना चाहिए. कई बार ये संकेत बताते हैं कि सीलिंग कमजोर हो रही है और समय रहते इसकी जांच न कराई जाए तो इसका कोई हिस्सा नीचे गिर सकता है.
गिरती हुई सीलिंग सिर्फ कमरे के सामान को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि नीचे मौजूद लोगों को भी गंभीर चोट लग सकती है. इसलिए अगर छत पर कोई असामान्य बदलाव दिखाई दे रहा है, तो मरम्मत को टालने के बजाय जल्द से जल्द इसकी जांच करवाना बेहतर है. समय पर की गई छोटी मरम्मत, पूरी सीलिंग बदलने की परेशानी और खर्च से बचा सकती है.
सीलिंग में दरार दिखना
पीओपी या प्लास्टरबोर्ड सीलिंग पर अचानक नई दरारें दिखाई दें तो इन्हें सामान्य समझकर न छोड़ें. खासकर अगर दरार लगातार बढ़ रही हो या एक से ज्यादा जगह पर दिखाई दे रही हो, तो यह सीलिंग पर पड़ रहे दबाव का संकेत हो सकता है. कई बार शुरुआत में दरार बहुत छोटी होती है और उस पर ध्यान नहीं जाता. लेकिन समय के साथ यह बड़ी हो सकती है. इसलिए सीलिंग की नियमित जांच करते रहना जरूरी है.

पीओपी सीलिंग का नीचे झुकना
अगर छत का कोई हिस्सा पहले की तुलना में नीचे की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा है, तो यह गंभीर संकेत हो सकता है. POP या प्लास्टरबोर्ड की शीट अगर अपनी जगह से नीचे आने लगे, तो उसे सहारा देने वाला हिस्सा कमजोर हो सकता है. ऐसी स्थिति में उसके नीचे खड़े होने या वहां सामान रखने से बचें और जल्द से जल्द किसी एक्सपर्ट से सीलिंग की जांच करवाएं.

सीलिंग से आवाज आना
अगर कमरे की सीलिंग से अचानक तेज चरमराने या दरार पड़ने जैसी आवाज सुनाई दे, तो इसे नजरअंदाज न करें. लगातार या अचानक आने वाली ऐसी आवाज सीलिंग के किसी हिस्से पर दबाव बढ़ने का संकेत हो सकती है. आवाज सुनाई देने पर सीलिंग के नीचे खड़े होने से बचें और आसपास रखे सामान को भी सुरक्षित जगह पर हटा दें.
छोटे गोल निशान या उभरे हुए हिस्से
सीलिंग पर अगर छोटे-छोटे गोल निशान या उभरे हुए बुलबुले एक लाइन में दिखाई देने लगें, तो यह भी ध्यान देने वाली बात है. कई बार ऐसे निशान इस ओर इशारा करते हैं कि सीलिंग की शीट ऊपर लगे बीम या फ्रेम से अलग होने लगी है. ऐसे हिस्से को खुद से दबाने या तोड़ने की कोशिश न करें. इसकी जांच किसी ऐसे व्यक्ति से करवाना बेहतर है, जिसे सीलिंग रिपेयर का अनुभव हो.
पानी की सीलन को न करें नजरअंदाज
सीलिंग कमजोर होने की एक बड़ी वजह पानी का रिसाव भी हो सकता है. अगर ऊपर की छत से पानी रिस रहा है या बारिश के बाद सीलिंग पर नमी दिखाई देती है, तो समस्या को जल्द ठीक करवाएं. पानी के संपर्क में आने से POP या प्लास्टरबोर्ड कमजोर हो सकता है. अगर सीलिंग का कोई हिस्सा पानी की वजह से खराब हो चुका है, तो केवल ऊपर से पेंट कर देना पर्याप्त नहीं होगा. खराब सामग्री को हटाकर सही तरीके से मरम्मत करना जरूरी हो सकता है.
सीलिंग पर भारी सामान रखने से बचें
घर की सीलिंग के ऊपर बने स्पेस में भारी सामान रखना भी नुकसान पहुंचा सकता है. ज्यादा वजन सीलिंग के फ्रेम या शीट पर दबाव डाल सकता है. इसलिए बिना जरूरत सीलिंग स्पेस में सामान जमा करने से बचें. अगर किसी काम के लिए सीलिंग के ऊपर जाना जरूरी हो, तो बिना जानकारी के खुद ऐसा न करें. वहां बिजली की वायरिंग और दूसरे जोखिम भी हो सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: गद्दा कितने साल में बदलना चाहिए, जानें कब हो जाता है खराब?
फैन और AC की निकासी भी चेक करें
घर में लगे एग्जॉस्ट फैन या AC की हवा सही तरीके से बाहर निकलनी चाहिए. अगर गर्म और नम हवा सीधे सीलिंग के अंदर जा रही है, तो वहां नमी बढ़ सकती है और इससे सीलिंग की सामग्री को नुकसान हो सकता है. इसलिए यह भी जांचें कि इनकी निकासी बाहर की ओर हो रही है, न कि सीलिंग के अंदर.
संकेत दिखें तो तुरंत क्या करें?
अगर POP सीलिंग में दरार, झुकाव, उभरे हुए निशान या लगातार आवाज जैसी समस्या दिखाई दे रही है, तो उसके नीचे बैठने या सोने से बचें. बच्चों और बुजुर्गों को भी उस हिस्से से दूर रखें. खुद से सीलिंग को खींचने, दबाने या तोड़ने की कोशिश न करें. सबसे पहले किसी योग्य सीलिंग या बिल्डिंग एक्सपर्ट से इसकी जांच करवाएं. अगर घर किराए पर है, तो समस्या की जानकारी मकान मालिक या प्रॉपर्टी मैनेजर को तुरंत दें.
इसे भी पढ़ें- Egg Storage Tips: फ्रिज में अपने आप चटक जाता है अंडा? 1 गलती से टूटता है छिलका