प्याज की बढ़ती कीमतों ने एक बार फिर आम लोगों की रसोई के बजट की चिंता को बढ़ा दिया है. देशभर में प्याज का खुदरा भाव करीब 42 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि दिल्ली में यह 65 रुपये किलो तक बिक रहा है. हालांकि दिल्ली एनसीआर की हर मंडी में प्याज एक जैसी कीमत पर नहीं मिल रहा है, कहीं यह 25 रुपये किलो के आसपास है तो कहीं इसकी कीमत 39 रुपये किलो तक जा पहुंची है. आइए जानते हैं इस वक्त किस मंडी में प्याज सबसे सस्ता मिल रहा है.
आजादपुर मंडी का भाव
दिल्ली की आजादपुर मंडी प्याज के सबसे बड़े थोक बाजारों में गिनी जाती है. यहां प्याज का ताजा थोक भाव करीब 25.31 रुपये प्रति किलो है. 21 अगस्त के आंकड़ों के मुताबिक यहां प्याज 17.50 रुपये से लेकर 32.50 रुपये प्रति किलो तक बिका था, यानी किस्म और क्वालिटी के हिसाब से कीमत में साफ फर्क देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़ें: इस तरह से बनाएं अंडा करी, पूरा परिवार हो जाएगा आपका दीवाना
केशोपुर मंडी भाव भी जानें
केशोपुर मंडी में प्याज का औसत भाव करीब 39 रुपये प्रति किलो है. 22 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार यहां भाव 22 रुपये और ज्यादा से ज्यादा भाव 46 रुपये प्रति किलो रहा. यानी आजादपुर और केशोपुर मंडी की कीमतों में अच्छा खासा फर्क देखने को मिल रहा है, इसलिए ज्यादा मात्रा में प्याज खरीदने वालों के लिए ताऐज़ा भाव पता करना फायदेमंद रहता है.
क्या है गाजीपुर मंडी में का प्याज भाव
पूर्वी दिल्ली की गाजीपुर सब्जी मंडी में 23 अगस्त को बड़े साइज का प्याज 29 रुपये प्रति किलो बिका, जबकि खुदरा बाजार में यही प्याज 32 से 38 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था. वहीं छोटे प्याज की मंडी कीमत करीब 50 रुपये किलो रही, जबकि खुदरा बाजार में यह 55 से 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है.
गाजियाबाद मंडी में भी अलग रेट
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी प्याज की कीमत साइज और क्वालिटी के हिसाब से अलग अलग है. 24 अगस्त को यहां बड़े साइज का प्याज 33 रुपये प्रति किलो बिका है, जबकि छोटे प्याज का भाव करीब 55 रुपये प्रति किलो रहा था. खुदरा बाजार में बड़े प्याज की कीमत 36 से 43 रुपये और छोटे प्याज की कीमत 61 से 72 रुपये प्रति किलो तक पहुंची है.
सरकार ने लिए कदम
प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार अब बफर स्टॉक से बाजार में सप्लाई बढ़ाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए नासिक से दिल्ली समेत कई शहरों तक प्याज पहुंचाने के लिए कांदा एक्सप्रेस चलाई जाएगी, ताकि जिन इलाकों में कीमतें ज्यादा हैं वहां राहत पहुंचाई जा सके.
यह भी पढ़ें: फेस्टिव सीजन आते ही बाजार में बिक रहा नकली मावा, ऐसे करें असली की पहचान