प्रोटीन वाली चीजों पर महंगाई की मार, आम आदमी की थाली हुई महंगी

3672409ac992a737eeee7ac367eb7e6417955948081261435 original


महंगाई का असर अब सिर्फ पेट्रोल, गैस सिलेंडर और सब्जियों तक तक नहीं रह गया है, बल्कि घर में रोज इस्तेमाल होने वाली दाल, दूध, अंडा और चिकन भी महंगे हो रहे हैं. मतलब अब शरीर को जरूरी प्रोटीन देने वाली चीजें खरीदने के लिए भी लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. इसका असर आम परिवारों के महीने के बजट पर पड़ रहा है. खासकर उन परिवारों की परेशानी बढ़ती है, जिनकी कमाई सीमित है और जो रोज के खाने में प्रोटीन वाली चीजें शामिल करना चाहते हैं.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से ही दूध, मक्खन, दही, पनीर, अंडे, मछली, मांस और दालों की कीमतों में महंगाई बढ़ी है. इसकी बड़ी वजह पशुओं के चारे और दाने की बढ़ती कीमतें हैं. इसके अलावा कई राज्यों में कमजोर मानसून और मक्का का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में बढ़ने से भी पशु आहार महंगा हुआ है.

मक्का और पशुओं का चारा कितना महंगा हुआ? 
दूध, अंडे और चिकन की कीमतें बढ़ने के पीछे सिर्फ मांग और सप्लाई का खेल नहीं है. इसके पीछे पशुओं और मुर्गियों को खिलाए जाने वाले चारे की लागत भी बड़ी वजह है. मक्का, सरसों की खली, सोयाबीन मील और राइस ब्रान मील जैसे कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से पशु आहार तैयार करना महंगा हो गया है.

आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में देश में मक्के की औसत कीमत करीब 22 रुपए प्रति किलो थी, जो सितंबर तक बढ़कर लगभग 27 रुपए प्रति किलो हो गई. यानी इसमें करीब 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, डी-ऑयल्ड सरसों खली की कीमत 24 रुपए प्रति किलो से बढ़कर करीब 32 रुपए प्रति किलो पहुंच गई. इसमें लगभग 32 फीसदी का उछाल आया है. 

दाल से अंडे तक कितनी बढ़ी महंगाई?

खाने का सामान अप्रैल 2026 में महंगाई अक्टूबर 2026 में महंगाई
अरहर दाल -4.86% 15.33%
उड़द दाल -0.41% 11.66%
मटन 6.21% 8.63%
अंडे 5.32% 8.33%
मछली और झींगा 8.57% 8.57%
चिकन 12.45% 11.32%
दूध 2.88%   4.63%

शाकाहारी और मांसाहारी, दोनों तरह के प्रोटीन स्रोत महंगे हुए हैं. अरहर दाल की महंगाई अप्रैल में निगेटिव थी, यानी इसकी कीमत पिछले साल के मुकाबले कम थी. लेकिन अक्टूबर में इसकी महंगाई बढ़कर 15.33 फीसदी हो गई. अंडे और मटन की महंगाई में भी तेजी आई है. चिकन की महंगाई थोड़ी कम जरूर हुई है लेकिन तब भी ये 11 फीसदी से ऊपर है.

दूध कितना महंगा हुआ?
अब दूध खरीदने के लिए भी लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. CareEdge Ratings की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ किस्मों के दूध की खुदरा कीमतों में 4 से 8 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हुई है. मई और नवंबर में कीमतों में बदलाव के बाद दूध महंगा हुआ है. 

कमजोर मानसून ने भी बढ़ाई परेशानी
प्रोटीन वाली चीजों की कीमतें बढ़ने के पीछे कमजोर मानसून भी एक बड़ी वजह है. महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में इस बार मानसून की बारिश कम हुई. इससे खेती और पशुओं के लिए चारे पर असर पड़ा है.

जब पशुओं को खिलाने वाला चारा महंगा होता है तो दूध और मांस का उत्पादन करने वाली कंपनियों की लागत भी बढ़ जाती है. इसका असर फिर ग्राहकों की जेब पर पड़ता है.

महंगे हुए अनाज?
प्रोटीन वाली चीजों के साथ अब गेहूं और चावल जैसे रोजमर्रा के अनाज भी महंगे हो रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में खुदरा खाद्य महंगाई दर 4.20 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 8.94 फीसदी पहुंच गई. यानी छह महीने में खाद्य महंगाई दोगुने से ज्यादा हो गई.

गेहूं की महंगाई अप्रैल में -1.78 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 3.05 फीसदी हो गई. वहीं, चावल की महंगाई भी अप्रैल के -0.54 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 12.51 फीसदी पहुंच गई है. 

कम बजट वाले परिवारों के लिए बढ़ी मुश्किल
प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत रखने के लिए जरूरी होता है. ऐसे में दाल, दूध, अंडे और चिकन जैसी चीज महंगा होने से सिर्फ घरेलू बजट की परेशानी नहीं होगी बल्कि इसका लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है. वैसे भी एक स्वस्थ वयस्क को हर दिन शरीर के वजन के हिसाब से प्रति किलो करीब 0.83 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. जैसे 60 किलो वजन वाले व्यक्ति को रोज 50 ग्राम प्रोटीन चाहिए.

देश में कितने लोग खरीदते हैं बोतल वाला पानी? 29 हजार घरों पर सर्वे



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *