Rekha Jhunjhunwala: टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन (Titan) के शेयरों का आज हाल बेहाल है. शुरुआती कारोबारी में इसके शेयर 6 परसेंट से ज्यादा गिर गए. इस गिरावट की बड़ी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही में कही गई वह बात है, जिसमें उन्होंने देश की जनता से एक साल तक सोना खरीदने से दूरी बनाने की सलाह दी है.
क्यों शेयरों में आई गिरावट?
दरअसल, पीएम मोदी ने रविवार को हैदराबाद में नागरिकों से अगले एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की. अब भारत में टाइटन जैसी कंपनियों का बिजनेस पूरी तरह से सोने की घरेलू मांग पर ही टिका हुआ है. ऐसे में जाहिर तौर पर निवेशकों को डर है कि पीएम मोदी की इस अपील के बाद शादियों और त्योहारों के सीजन में सोने की बिक्री में भारी गिरावट आ सकती है.
यही वजह है कि आज के कारोबारी सेशन में टाइटन के शेयर 6.28 परसेंट तक गिरकर 4,230 रुपये पर आ गए. यह इसके पिछले बंद भाव 4,513.40 रुपये से 283.40 रुपये कम है. शेयर 4,350 रुपये पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान 4,220 रुपये के निचले स्तर तक गया. आज सिर्फ टाइटन ही नहीं, बल्कि कल्याण ज्वेलर्स और सेंको गोल्ड जैसे दूसरे ज्वेलरी स्टॉक्स में भी तेज गिरावट आई.
प्रधानमंत्री की यह अपील पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास पैदा हुई रुकावटों के कारण चल रहे वैश्विक ऊर्जा संकट से जुड़ी थी. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और सोना, दोनों ही आयात करता है और इन दोनों का भुगतान अमेरिकी डॉलर में किया जाता है. ज्यादा आयात होने से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ता है और इससे रुपया कमजोर हो सकता है.
रेखा झुनझुनवाला को बड़ा नुकसान
टाइटन के शेयरों में आज आई इस भारी गिरावट के कारण दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ में से एक ही झटके में लगभग 1700 करोड़ रुपये डूब गए. मार्च 2026 तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, रेखा झुनझुनवाला के पास टाइटन कंपनी के 4,71,84,470 शेयर हैं, जो लगभग 5.31 परसेंट की हिस्सेदारी के बराबर है. प्रति शेयर आज 362 रुपये की गिरावट के हिसाब से आज उनकी कुल संपत्ति में करीब 1700 करोड़ रुपये की कमी आई है.
(यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
ये भी पढ़ें:
Share Market: क्रैश हुआ शेयर बाजार, 690 अंक लुढ़का सेंसेक्स; 24000 के नीचे जा पहुंचा निफ्टी