- क्रीम, धनिया, कसूरी मेथी डालकर रोटी या चावल के साथ परोसें.
रोज की सब्जियों से अगर कुछ अलग और टेस्टी खाने का मन हो, तो अंडा करी एक बढ़िया ऑप्शन हो सकती है. उबले हुए अंडों को मसालेदार प्याज-टमाटर की ग्रेवी में पकाकर तैयार की जाने वाली यह डिश टेस्ट में भरपूर है और इसे बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. इसकी खासियत है कि ग्रेवी में इस्तेमाल होने वाले मसालों का टेस्ट अंडे के साथ अच्छी तरह घुल जाता है. इसे रोटी, तंदूरी नान, सादा पराठा, प्लेन बासमती राइस या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है. तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि अंडा करी किस तरह से बनाएं, जिससे पूरा परिवार आपका दीवाना हो जाएगा.
अंडा करी किस तरह से बनाएं?
1. अंडा करी बनाने के लिए सबसे पहले इसकी ग्रेवी तैयार करनी होगी. इसके लिए एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें मोटे तौर पर कटे हुए प्याज डालकर हल्का भूनें. इसके बाद हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालें. अब इसमें जीरा, धनिया, दालचीनी, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, तेजपत्ता और लौंग डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें.
2. इसके बाद हल्दी पाउडर और देगी मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं. अब इसमें मोटे कटे हुए टमाटर और काजू डालें. थोड़ा पानी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. ग्रेवी को करीब 5 से 6 मिनट तक पकाएं, जब तक इसका पानी अच्छी तरह सूखने न लगे.
3. अब गैस बंद कर दें और इसमें बर्फ डालें. इससे ग्रेवी जल्दी ठंडी होगी और इसका रंग भी अच्छा आएगा. ठंडी होने के बाद इस मिश्रण को मिक्सर जार में डालकर एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
अंडों को ऐसे करें फ्राई
अब उबले हुए अंडे लें और उन पर हल्के कट लगा दें. एक पैन में तेल गर्म करें और अंडों को डालकर चारों तरफ से अच्छी तरह पलटकर फ्राई करें. जब अंडे अच्छी तरह फ्राई हो जाएं, तो उन्हें निकालकर एक बाउल में रख दें.
यह भी पढ़ें – घर का दही रातभर में खट्टा क्यों? जानें जमाने का सही तरीका
अब तैयार करें अंडा करी की ग्रेवी
1. अब दूसरे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा, कटी हुई हरी मिर्च और कटा हुआ प्याज डालकर अच्छी तरह भूनें. इसके बाद कटा हुआ लहसुन डालें और इसे भी भून लें. अब हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं.
2. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और टेस्ट के अनुसार नमक मिलाएं. अब जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. थोड़ा पानी डालें और मसाले को पकने दें.
3. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तो पहले तैयार किया हुआ स्मूद ग्रेवी पेस्ट इसमें डालें और अच्छी तरह मिलाएं.
4. इसके बाद गर्म पानी डालकर ग्रेवी को पकाएं. इसमें थोड़ा बटर भी डालें और करीब 5 से 6 मिनट तक पकने दें.
आखिर में डालें अंडे और ये चीजें
अब फ्राई किए हुए अंडों को तैयार ग्रेवी में डालें. इसके बाद कटा हुआ हरा धनिया डालें. कसूरी मेथी को हाथों से हल्का क्रश करके इसमें डालें और सब कुछ अच्छी तरह मिला लें. आखिर में थोड़ी-सी क्रीम और देसी घी डालकर मिक्स करें. अब आपकी मसालेदार और टेस्ट से भरपूर अंडा करी तैयार है. इसे सर्विंग बाउल में निकालें, ऊपर से हरा धनिया, हरी मिर्च और थोड़ा चिली ऑयल डालकर सजाएं. इसे रोटी, तंदूरी नान, सादे पराठे, बासमती राइस या जीरा राइस के साथ गरमा गरम सर्व करें.
यह भी पढ़ें – प्रेग्नेंसी में कब्ज की परेशानी? जानें डाइट और खाने का सही तरीका