दिल्ली में आज यानी 10 अक्टूबर को घर से बाहर निकलने से पहले ये जान लेना जरूरी है कि किन सेवाओं पर असर पड़ने वाला है. CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. इसका असर कई सेवाओं पर असर पड़ रहा है. जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. इसके चलते मेट्रो के कई स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद है, कई ट्रेनों को रद्द किया गया है और शराब की दुकानें भी बंद रखी गई हैं.
इसके अलावा कुछ स्कूल-कॉलेजों ने ऑनलाइन क्लास या परीक्षा रोकने का फैसला लिया है. अगर आप आज बैंक जाने, ट्रेन पकड़ने, मेट्रो से सफर करने या किसी जरूरी काम से बाहर निकलने वाले हैं, तो पहले जान लें कि कहां क्या स्थिति है.
दिल्ली में आज बैंक क्यों बंद हैं?
दिल्ली में आज बैंक बंद हैं, लेकिन इसकी वजह सिर्फ विरोध प्रदर्शन नहीं है. 10 अक्टूबर महीने का दूसरा शनिवार है, इसलिए RBI के नियमों के मुताबिक सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे. आमतौर पर बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा हर रविवार को बंद रहते हैं. लेकिन, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी.
शराब की दुकानें रहेंगी बंद?
दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को सभी रिटेल शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है. इसमें भारतीय, विदेशी और देशी शराब बेचने वाली दुकानें शामिल हैं. कुछ मॉल में मौजूद शराब की दुकानों पर भी यह पाबंदी लागू है.
हालांकि, लाइसेंस प्राप्त रेस्टोरेंट, बार और क्लब में शराब परोसने की अनुमति जारी रहने की जानकारी सामने आई है. यानी शराब की खुदरा दुकानों पर बिक्री बंद रहेगी, लेकिन हर जगह शराब की बिक्री और सर्विस पर एक जैसी पाबंदी नहीं है.
दिल्ली मेट्रो बंद है?
विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने की घोषणा की गई थी. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद DMRC ने प्रभावित स्टेशनों की संख्या घटाकर 45 कर दी है.
इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहने का समय 9 अक्टूबर रात 9 बजे से शुरू हुआ है और 10 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक लागू रहने की जानकारी दी गई है. प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा चालू रहेगी, लेकिन नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर ये सुविधा भी बंद रहेगी. इसका मतलब ये नहीं है कि पूरी दिल्ली मेट्रो बंद है.
रेलवे स्टेशन का क्या हाल है?
रेलवे ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए कुछ सेवाओं में बदलाव किया है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रेन सेवाओं पर रोक की घोषणा की गई थी. इस दौरान इन स्टेशनों पर आने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द किया गया है.
स्कूल-कॉलेजों में भी बदलाव
प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक और सुरक्षा को देखते हुए कुछ स्कूलों और कॉलेजों ने अपने कार्यक्रम बदले हैं. जैसे सरदार पटेल विद्यालय ने क्लास 6 से 12 तक की पढ़ाई ऑनलाइन करने की जानकारी सामने आई है. और रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने शनिवार को होने वाली PTM को रोक दिया है.
कुछ कॉलेज ने 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाएं टाल दी गई हैं. बता दें कि दिल्ली के सारे स्कूल और कॉलेज बंद नहीं हैं.
कनॉट प्लेस में दुकान और ऑफिस बंद?
दिल्ली के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर इलाके में कारोबारियों को सुरक्षा और आवाजाही की स्थिति को देखते हुए दुकानें, दफ्तर और रेस्टोरेंट बंद रखने की सलाह दी गई है. इसका असर इस इलाके में खरीदारी और कामकाज के लिए आने वाले लोगों पर पड़ सकता है.
मस्क का मुकेश अंबानी पर बड़ा हमला, अब ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ कहकर साधा निशाना