World Club Championship: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) कई बड़े बदलाव करने के बारे विचार कर रहा है. क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट के फ्यूचर को ध्यान में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. कथित तौर पर 8 से 11 जुलाई के बीच जय शाह की अध्यक्षता में आईसीसी की वार्षिक आम बैठक (AGM) स्कॉटलैंड के एडिनबरा में हो सकती है, जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) जैसी दूसरी लीग को लॉन्च करने के बारे में भी विचार हो सकता है. तो आइए जानते हैं कि नई लीग को लेकर पूरा माजरा क्या है.
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में खेलने वाली टी20 फ्रेंचाइजी के लिए वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप (World Club Championship) को लॉन्च किया जा सकता है. यह कुछ उसी तरह की लीग होगी जैसे 2009 से 2014 के बीच चैंपियंस टी20 लीग खेली जाती रही, जिसमें अलग-अलग देशों की टी20 फ्रेंचाइजी हिस्सा लेती थीं.
चैंपियंस लीग को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड मिलकर करवाता था. लीग बहुत ज्यादा सफल नहीं हो सकी, जिसके चलते 6 सीजन के बाद इसका समापन हो गया.
अब इसी तरह की लीग को दोबारा शुरू करने का प्लान बनाया जा रहा है. फिलहाल यह सभी प्लान अभी शुरुआती चरण में हैं. इन सभी को लेकर किसी भी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. हां, इतना जरूर है कि मीटिंग में क्रिकेट के 12 फुल मेंबर देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इससे यह संभावना जरूर जताई जा सकती है कि सभी की सहमति के साथ इस तरह की लीग को वजूद में लाया जा सकता है.
सभी फॉर्मेट के लिए फिक्स विंडो
मीटिंग में इस बात पर भी चर्चा हो सकती है कि तीनों फॉर्मेट के लिए फिक्स विंडो तय की जाए. जैसे वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले वनडे क्रिकेट सिर्फ 18 महीनों तक ही खेला जाएगा. बाकी विंडो टेस्ट और टी20 क्रिकेट के लिए रिजर्व होगी. इसके अलावा वनडे फॉर्मेट को छोटा किए जाने पर भी चर्चा हो सकती है, जिससे फॉर्मेट को वक्त से हिसाब से और अधिक अनुकूल बनाया जा सके. फिलहाल तमाम चीजों पर आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ICC करने वाला है बड़ा खेल! अब सिर्फ 18 महीने खेले जाएंगे वनडे मैच, टी20 की आ रही नई चैंपियनशिप; जानें क्या है अपडेट