RBI ला रहा बैंक अकाउंट का ‘इमरजेंसी ब्रेक’! अब साइबर ठग नहीं उड़ा पाएंगे पैसा

5294d7d563425aabd945cf9cd3320c4e17954847775671379 original


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • आरबीआई ने डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से निपटने के उपाय सुझाए.
  • स्टॉप स्विच संदिग्ध धोखाधड़ी में आउटगोइंग डेबिट रोकेगा.
  • ट्रस्टेड पर्सन बड़ी राशि के हस्तांतरण को अधिकृत करेगा.

डिजिटल बैंकिंग के इस जमाने में साइबर स्कैमर्स ठगी करने के तमाम पैंतरे अपना रहे हैं, जो आम लोगों की समझ से काफी परे हैं. कई बार कुछ समझने से पहले ही लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं. यही वजह है कि आजकल ऐसी खबरें अकसर सुनने या देखने को मिलती हैं कि एक क्लिक करते ही अकाउंट पूरा का पूरा खाली हो गया, अकाउंट से सारे पैसे उड़ गए. इन्हीं परेशानियों को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक नया प्लान बनाया है. 

RBI ने डिजिटल बैंकिंग फ्रॉड और अनधिकृत लेनदेन से बैंक ग्राहकों को बचाने के लिए ‘स्टॉप स्विच’ (Stop Switch) और ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ (Trusted Person Mechanism) जैसे नए सुरक्षा उपायों का प्रस्ताव जारी किया है. इनके जरिए ग्राहक अपने खाते से होने वाले किसी भी डेबिट (पैसे की निकासी) को रोक सकेंगे, जिससे इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन और अधिक सुरक्षित हो जाएंगे. 

कैसे काम करेगा स्टॉप स्विच?

अगर कभी ग्राहक को शक होता है कि उसका बैंक अकाउंट हैक हो गया है या वह साइबर फ्रॉड का शिकार हुआ है, तो RBI के स्टॉप स्विच की मदद से वह बस एक ही क्लिक से अपने आगे के सारे आउटगोइंग डेबिट को तभी के तभी रोक सकेगा. स्टॉप स्विच के एक्टिव होते ही अकाउंट से कोई भी नया डिजिटल ट्रांजैक्शन नहीं हो पाएगा, नया पेमेंट मैंडेट या स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन नहीं बन सकेगा और न ही किसी नए थर्ड-पार्टी ऐप पर यूपीआई (UPI) रजिस्टर किया जा सकेगा.

कुल मिलाकर स्टॉप स्विच ऑन करते ही आपके खाते से पैसे बाहर जाने के सारे नए रास्ते बंद हो जाएंगे, जिससे ठग किसी भी नए तरीके या ऐप के जरिए आपके खाते में सेंध नहीं लगा पाएंगे और आपका पैसा आप ही के अकाउंट में पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा. 

आप स्टॉप स्विच को अपने बैंक के मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, नजदीकी ATM, सीधे बैंक में जाकर या फिर बैंक के कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी चालू या बंद कर सकेंगे. यानी कि इसके लिए सिर्फ स्मार्टफोन पर ही निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी. 

स्टॉप स्विच को बंद करने के सख्त नियम

ऐसा नहीं है कि अगर किसी वजह से हैकर्स ने आपके फोन पर अपना कंट्रोल पा लिया है, तो वह स्टॉप स्विच को बंद कर अकाउंट से अपनी मनमानी करने लगेगा. स्टॉप स्विच को बंद करने के नियम काफी सख्त होंगे. इसे बंद कराते वक्त बैंक कई स्तर पर वेरिफिकेशन करेगा. साथ ही बंद करने के अनुरोध के बाद भी कूलिंग पीरियड तक इंतजार करना होगा. यानी कि ऐसा नहीं है कि इसे तुरंत ही आनन-फानन में बंद किया जा सकेगा. 

ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म का भी है प्रस्ताव

स्टॉप स्विच’ के साथ-साथ RBI ने ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ का भी प्रस्ताव दिया है. इसके तहत कोई भी बैंक ग्राहक अपनी मर्जी से अपने परिवार के किसी सदस्य या भरोसेमंद व्यक्ति (जिसकी उम्र 18 साल से अधिक हो) को अपने खाते के लिए ‘ट्रस्टेड पर्सन’ के रूप में नामित कर सकेगा.

इसमें ग्राहक खुद अपने हिसाब से रकम की एक सीमा तय कर देगा. अगर RTGS या NEFT के जरिए उस सीमा से ज्यादा का फंड ट्रांसफर होता है, तो बैंक पहले ‘ट्रस्टेड पर्सन’ को अलर्ट भेजेगा और  1 घंटे के भीतर उसकी मंजूरी मिलने पर ही पैसा ट्रांसफर होगा.

यह फीचर घर के उन सदस्यों के लिए काम का साबित होगा, जिन्हें डिजिटल बैंकिंग की कम जानकारी है. यानी कि इससे कोई उन्हें डरा-धमकाकर या बहला-फुसलाकर मोटी रकम ट्रांसफर नहीं कर सकेगा. अगर किसी ने ऐसा करने का प्रयास भी किया, तो ‘ट्रस्टेड पर्सन’ के पास समय रहते उसे रोकने का मौका रहेगा. 

ये भी पढ़ें:

रीफिल बुकिंग करानी है आज? पहले चेक करें गैस सिलेंडर के नए रेट 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *