IRDAI का बड़ा कदम, क्लेम रिजेक्शन पर बताना होगा पैसे काटने का कारण

279451276ab556e723d3f7034a4de27317955998987961435 original


हेल्थ इंश्योरेंस लेते समय लोगों को उम्मीद रहती है कि बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने पर बीमा कंपनी इलाज का खर्च उठाएगी. लेकिन कई बार अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब क्लेम सेटलमेंट की बारी आती है तो बीमा कंपनी कुछ पैसे काट लेती है या क्लेम ही खारिज कर देती है. ऐसे में पॉलिसीधारक को समझ नहीं आता कि आखिर किस वजह से उसके पैसे काटे गए हैं. अब बीमा कंपनियों की इस मनमानी पर लगाम लगाने की तैयारी हो रही है.

IRDAI ने हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम के प्रोसेस को पारदर्शी बनाने के लिए दो समूह बनाए हैं. ये समूह क्लेम रिजेक्ट करने, कम पेमेंट करने और रकम में कटौती करने के कारणों के लिए एक समान नियम तैयार करेंगे. यानी आने वाले समय में बीमा कंपनी को ये बताना होगा कि उसने किस वजह से क्लेम खारिज किया या कितनी रकम और क्यों काटी.

क्या होगा नया नियम?
अभी अलग-अलग बीमा कंपनियां क्लेम रिजेक्शन और कटौती के लिए अपने हिसाब से अलग-अलग कोड और कारण बताती हैं. इससे ग्राहकों के लिए ये समझना मुश्किल हो जाता है कि उनका क्लेम किस आधार पर रोका गया है. कई मामलों में ग्राहक को ये भी साफ नहीं बताया जाता कि बिल की पूरी रकम देने के बजाय कुछ पैसा क्यों काटा गया.

IRDAI अब इसके लिए एक कॉमन नेशनल फ्रेमवर्क तैयार करने पर काम कर रहा है. इसके तहत हर बीमा कंपनी को क्लेम रिजेक्ट करने, पूरी तरह खारिज करने या कम पेमेंट करने की स्पष्ट वजह बतानी होगी. साथ ही यह भी बताना होगा कि किस वजह से कितनी रकम काटी गई है. इससे पॉलिसीधारक को यह समझने में आसानी होगी कि बीमा कंपनी ने पॉलिसी की किस शर्त के आधार पर पैसा काटा है. जरूरत पड़ने पर वह इस फैसले के खिलाफ शिकायत भी कर सकेगा.

क्लेम का स्टेटस होगा ट्रैक
अभी कई बार ग्राहक को यह पता लगाने के लिए बीमा कंपनी, अस्पताल और थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (TPA) के चक्कर लगाने पड़ते हैं कि उसका क्लेम कहां अटका है. कई बार जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी समय पर नहीं मिलती. अब IRDAI ऐसा सिस्टम तैयार करने की प्लानिंग कर रहा है, जिससे पॉलिसीधारक अपने क्लेम का स्टेटस रियल टाइम में देख सकेंगे. 

बीमा कंपनियों के काम की होगी जांच
IRDAI की ओर से बनाए गए दोनों समूह सिर्फ क्लेम रिजेक्शन तक सीमित नहीं रहेंगे. ये बीमा कंपनियों के कामकाज को मापने के लिए भी एक जैसे पैमाने तैयार करेंगे. इसमें क्लेम सेटलमेंट रेट, क्लेम रिजेक्शन रेट, कम पेमेंट, काटी गई रकम, कैशलेस इलाज की सुविधा और क्लेम निपटाने में लगने वाले समय को शामिल किया जाएगा. 

कब तक देनी होगी रिपोर्ट?
IRDAI की हेल्थ इंश्योरेंस सब-कमेटी के तहत इन दोनों समूहों का गठन किया गया है. इनमें बीमा कंपनियों, TPA, इंश्योरेंस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ऑफ इंडिया, एशियन डेवलपमेंट बैंक और वर्ल्ड बैंक के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है. दोनों समूहों की अध्यक्षता IRDAI के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अयाज तांबोली करेंगे. वहीं, हेल्थ इंश्योरेंस के चीफ जनरल मैनेजर मनोज कुमार इनके कामकाज का समन्वय करेंगे. इन समूहों को 26 दिसंबर 2026 तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.

ग्राहकों को कैसे होगा फायदा?
IRDAI की इस पहल से हेल्थ इंश्योरेंस लेने वाले करोड़ों ग्राहकों को फायदा मिल सकता है. जैसे आपने अस्पताल के इलाज के लिए 3 लाख रुपए का क्लेम किया, लेकिन बीमा कंपनी ने सिर्फ 2 लाख रुपए ही दिए, तो अब कंपनी को ये बताना होगा कि बाकी 1 लाख रुपए किस वजह से काटे गए हैं. 

भारत का खजाना फिर बढ़ने लगा, रुपए के लिए आई बहुत अच्छी खबर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *