Self Medication in India Study: गूगल और मेडिकल स्टोर के भरोसे इलाज! 61% लोग बिना सलाह खा रहे दवाएं

49d3e1e8a2b32edddd45809f65409fad17955108413331474 original


Self Medication in India Study: सिरदर्द, हल्का बुखार या सामान्य सर्दी-खांसी होने पर डॉक्टर के पास जाने के बजाय सीधे मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर खा लेना अब भारत में एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बनता जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जनरल बीएमसी पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित एक ताजा रिसर्च में यह चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है कि देश की लगभग 61.1 प्रतिशत आबादी बिना किसी डॉक्टर के पर्चे या सलाह के खुद ही दवाएं ले रही है.

यह प्रवृत्ति युवाओं और छात्रों में सबसे अधिक देखी गई है, जहां बिना सलाह दवा लेने की दर 74 प्रतिशत तक पहुंच गई है. राज्यों की बात करें तो मध्यप्रदेश में स्थिति राष्ट्रीय औसत से भी अधिक चिंताजनक है, जहां 68 प्रतिशत लोग खुद ही अपना इलाज कर रहे हैं. 

किन संस्थानों ने मिलकर की यह रिसर्च?

इस महत्वपूर्ण शोध को डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के मानवविज्ञान विभाग के प्रोफेसर राजेश गौतम, अमेरिका की मोंटक्लेयर स्टेट यूनिवर्सिटी के यमबी लिम्बू और टार्लटन स्टेट यूनिवर्सिटी के सुबी गांधी ने संयुक्त रूप से तैयार किया है.

रिसर्चर्स की इस टीम ने पबमेड, स्कोपस और वेब ऑफ साइंस जैसे प्रमुख वैश्विक वैज्ञानिक डेटाबेस से देश के 23 राज्यों और 76 से अधिक शहरों में हुए 145 अध्ययनों का गहन विश्लेषण किया. इस व्यापक समीक्षा में कुल 69,876 नागरिकों के स्वास्थ्य और दवा लेने के व्यवहार से जुड़े आंकड़ों को शामिल किया गया था.

कोरोना महामारी के बाद तेजी से बढ़ी यह प्रवृत्ति

अध्ययन के आंकड़े बताते हैं कि कोरोना महामारी के बाद लोगों के व्यवहार में बड़ा बदलाव आया है. महामारी से पहले के अध्ययनों में देश में सेल्फ-मेडिकेशन की दर 57 प्रतिशत दर्ज की गई थी, जो कोरोना काल के दौरान बढ़कर 61 प्रतिशत हुई और महामारी के बाद के दौर में यह आंकड़ा 63 प्रतिशत तक पहुंच गया है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, अस्पतालों में संक्रमण फैलने के डर, डॉक्टरों से अपॉइंटमेंट मिलने में लगने वाले समय और शुरुआती लक्षणों को मामूली समझकर नजरअंदाज करने की मानसिकता ने लोगों को मेडिकल स्टोर से सीधे दवा लेने के लिए प्रेरित किया है.

यह भी पढ़ें: Explained: सर्दियों में कंबल के नीचे पंखा चलाने की आदत! यह सनक या शरीर की गहरी हसरत?

बिना डॉक्टरी सलाह दवा लेना क्यों है बेहद खतरनाक?

मेडिकल एक्सपर्ट्स और रिसर्चर्स ने चेतावनी दी है कि बिना जांच और पर्चे के दवाएं लेना शरीर के लिए धीमे जहर जैसा साबित हो सकता है. मनमर्जी से एंटीबायोटिक दवाएं खाने से शरीर में मौजूद बैक्टीरिया इन दवाओं के एंटीबायोटिक रेजिस्टेंट हो जाते हैं, जिससे भविष्य में किसी गंभीर संक्रमण के दौरान जीवनरक्षक दवाएं भी असर करना बंद कर देती हैं.

इसके अलावा, बार-बार पेनकिलर गोलियां लेने से तात्कालिक दर्द तो दब जाता है, लेकिन अंदर ही अंदर पनप रही अल्सर, ट्यूमर या हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान नहीं हो पाती. गलत डोज और दवाओं के आपसी रिएक्शन से लिवर, किडनी और आंतों को स्थायी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है. रिसर्च में ड्रग कंट्रोलर और नीति-निर्माताओं से मेडिकल स्टोर्स पर बिना पर्चे की दवाओं की बिक्री पर सख्ती लगाने और टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार करने की सिफारिश की गई है.

यह भी पढ़ें: Explained: जब बिसलेरी पर सवाल उठे, तो लोकल पानी की बोतल कितनी खतरनाक? एक्सपर्ट्स से समझें

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *