How To Clean Fennel Seeds: क्या सौंफ बीनते-बीनते आप भी हो जाती हैं परेशान? जानें इसे साफ करने का सबसे सही तरीका


Quick Way To Clean Fennel Seeds At Home: अगर आप भी सौंफ को बार-बार बीनते-बीनते परेशान हो जाती हैं, तो पहले यह समझ लीजिए कि हर बार घंटों बैठकर उसे साफ करना जरूरी नहीं होता. सौंफ दरअसल फूल वाले पौधे से निकलने वाले सूखे बीज हैं. गर्म इलाकों में यह पौधा कई सालों तक चलता है, जबकि ठंडे मौसम में इसे एक सीजन के लिए उगाया जाता है. जब इसके फूल पूरी तरह सूखकर भूरे हो जाते हैं, तभी बीज तैयार माने जाते हैं. अगर घर में थोड़ी-सी भी जगह हो तो आप गमले में भी सौंफ उगा सकती हैं, वरना बाजार में अच्छी क्वालिटी की सौंफ आसानी से मिल जाती है.

सौंफ खरीदते समय थोड़ी सावधानी आगे की मेहनत बचा सकती है. कोशिश करें कि वह एयरटाइट डिब्बे में रखी हो ताकि नमी और धूल न लगे. बीजों का रंग हल्का हरा-भूरा और एकसमान होना चाहिए. अगर सौंफ फीकी, ज्यादा भूरी, बदरंग या धूल भरी दिखे तो उसे न लें. हाथ में लेकर देखें कि उसमें ज्यादा टूटे हुए टुकड़े या कचरा तो नहीं है. अगर मसालों की किसी लोकल दुकान से खरीद रही हैं, तो उसकी खुशबू जरूर सूंघ लें. अच्छी सौंफ में मीठी, ताजी और हल्की हर्बल महक होती है. अगर खुशबू कम है या बासी लग रही है, तो समझ लें कि वह पुरानी है.

कैसे करें सफाई?

अब बात आती है सफाई की. अक्सर लोग सौंफ को चावल की तरह एक-एक दाना चुनकर बीनने लगते हैं, जबकि सूखी सौंफ को इतनी मेहनत से साफ करने की जरूरत नहीं होती. सबसे आसान तरीका है कि उसे एक साफ थाली या सूखे कपड़े पर फैला दें और हल्की नजर से देख लें. अगर उसमें मिट्टी, डंठल, छोटे पत्थर या कोई कचरा दिखे तो निकाल दें. चाहें तो छलनी में डालकर दो-तीन बार हल्का झटका दें, इससे बारीक धूल नीचे गिर जाएगी और सौंफ साफ हो जाएगी. इसे पानी से धोने से बचें, क्योंकि नमी से इसकी खुशबू और स्वाद दोनों कम हो सकते हैं और स्टोरेज में भी दिक्कत आ सकती है.

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपने घर में उगाई सौंफ के फूलों से बीज निकाले हैं, तो पहले उन्हें अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. सूखे फूलों के गुच्छों को उल्टा लटकाकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें. पूरी तरह सूखने के बाद हाथ से रगड़कर बीज अलग कर लें. फिर उन्हें एयरटाइट कांच की बोतल या स्टील के डिब्बे में भरकर रखें. ज्यादा मात्रा हो तो इसे फ्रीजर में भी स्टोर किया जा सकता है, हालांकि समय के साथ इसकी खुशबू थोड़ी कम हो सकती है. थोड़ी समझदारी और सही तरीके से काम लेंगी तो सौंफ बीनना अब झंझट नहीं, बल्कि कुछ ही मिनटों का आसान काम बन जाएगा.

इसे भी पढ़ें- Flour Storage: ऐसे करेंगे स्टोर तो ज्यादा दिन तक फ्रेश रहेगा आटा, जानें कमाल के टिप्स



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *