बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं. ये 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. श्रद्धा फिल्म के प्रमोशन में जुटी हुई हैं. गुरुवार को एक्ट्रेस अपने को-स्टार रणदीप हुड्डा के साथ फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर पहुंचे.
गुरुवार का दिन जयपुर वालों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. एमआई रोड पर जब विंटेज कार में श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा आए, तो लोगों ने गाड़ियां रोक दीं और मोबाइल निकाल लिए. दोनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए मशहूर राजमंदिर सिनेमा पहुंचे थे. करीब 40 बाउंसर्स के बीच ओपन कार में खड़े होकर दोनों ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया.
रणदीप हुड्डा संग राजमंदिर पहुंचीं श्रद्धा कपूर
राजमंदिर पहुंचते ही माहौल और भी रंगीन हो गया. पहले 20 से ज्यादा कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में लावणी नृत्य पेश किया. उनकी वेशभूषा, लय और अंदाज ने पूरे हॉल को महाराष्ट्र जैसा बना दिया. फिर श्रद्धा ने भी जयपुर की डांसर्स के साथ लावणी पर थिरककर सबका दिल जीत लिया.
श्रद्धा कपूर ने लॉन्च किया ‘सिंदूरी’ गाना
इस दौरान श्रद्धा ने कहा, ‘मैं जयपुर वालों के लिए कुछ खास लेकर आई हूं, एक गाना सुनाना है.’ इस पर रणदीप हंसते हुए बोले, ‘गाना सुनना है तो अंदर ऑडिटोरियम में चलना होगा. यहां नहीं, अंदर डांस होगा.’ इसके बाद फिल्म का गाना ‘सिंदूरी’ लॉन्च कर दिया गया.
इस इवेंट में रणदीप अपने मजाकिया अंदाज में ही छाए रहे. उन्होंने कहा, ‘जयपुर में देश की सबसे खूबसूरत अभिनेत्री के साथ रोमांस करने का मौका कौन छोड़ना चाहेगा. फिल्म में हीरो तो श्रद्धा ही लगीं, मैं तो आइटम की तरह नजर आया.’ उनकी बातों पर हॉल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा.
वहीं श्रद्धा ने रणदीप की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘रणदीप बेहतरीन अभिनेता हैं और कमाल के निर्देशक भी हैं. उनके साथ काम करके बहुत मजा आया और बहुत कुछ सीखने को मिला.’
श्रद्धा ने लावणी की मेहनत का किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि वो 4 किलो की साड़ी और 4 किलो की पायल पहनकर रोज प्रैक्टिस करती थीं. इसी दौरान उनके पैर में चोट भी लग गई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.
कब रिलीज होगी ‘ईठा’?
बता दें कि ‘ईठा’ महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है. फिल्म में श्रद्धा विठाबाई बनी हैं. इसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है. फिल्म में जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव और इश्तियाक खान भी हैं. ‘ईठा’ 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.