आज कल हर किसी के घर में वॉशिंग मशीन हैं. लोग इसका इस्तेमाल तो कर लेते हैं, लेकिन इसे ठीक तरीके से साफ नहीं करते. यहीं वजह है कि कुछ समय बाद इसमें धूले कपड़ों में से बदबू आने लगती है. कई बार मशीन से निकलने वाले कपड़ों में भी सीलन जैसी गंध आने लगती है. इसकी सबसे बड़ी वजह मशीन के अंदर नमी और डिटर्जेंट के अवशेष होते हैं, जो लंबे समय तक मशीन में रहने पर बदबू पैदा करते हैं.
अगर आपकी वॉशिंग मशीन में भी यही समस्या हो रही है, तो नियमित सफाई से इस बदबू से पीछा छूट सकता है. खासकर मशीन के कुछ हिस्सों की सही तरीके से सफाई करने के बाद इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. आइए जानते हैं कि सफाई के दौरान वॉशिंग मशीन के किन हिस्सों पर खास ध्यान देना चाहिए.
रबर गैस्केट की करें सफाई
फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन में दरवाजे के चारों ओर रबर की एक मोटी पट्टी लगी होती है, जिसे गैस्केट कहते हैं. कई इस्तेमाल के बाद इसके अंदर पानी, साबुन और कपड़ों के छोटे रेशे जमा हो जाते हैं. लगातार नमी रहने से यहां फफूंद भी पनप सकती है, जिससे बदबू आने लगती है. इसकी सफाई के लिए सबसे पहले मशीन को बंद करें. फिर मुलायम कपड़े और उपयुक्त क्लीनर से रबर के अंदर के हिस्से को साफ करें. रबर की तहों को सावधानी से जांचें और सफाई के बाद सूखे कपड़े से पोंछ दें.
यह भी पढ़ें: How To Store Potatoes: आलू में निकलने लगे हैं अंकुर? महीनों तक ताजा रखने के आसान हैक्स
डिटर्जेंट ट्रे को न करें नजरअंदाज
वॉशिंग मशीन की डिटर्जेंट ट्रे में साबुन, फैब्रिक सॉफ्टनर और पानी के अवशेष जमा हो जाते हैं. समय के साथ इन पर गंदगी और फफूंद जमने लगती है, जिससे बदबू पैदा होने लगती है. ट्रे को मशीन से निकालने का तरीका उसके मॉडल पर निर्भर करता है. मशीन के निर्देश के अनुसार इसे बाहर निकालें और गुनगुने पानी से साफ करें. जमी हुई गंदगी हटाने के लिए मुलायम ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है. सफाई के बाद ट्रे को सूखा कर इस्तेमाल करें.
ड्रम की सफाई करना है जरूरी
मशीन का ड्रम कपड़ों की धुलाई के दौरान लगातार पानी और डिटर्जेंट के संपर्क में रहता है. कम तापमान पर बार-बार धुलाई करने और जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट इस्तेमाल करने से इसके अंदर अवशेष जमा हो सकते हैं.ड्रम की सफाई के लिए मशीन में उपलब्ध ड्रम क्लीन या टब क्लीन प्रोग्राम का इस्तेमाल करें. अगर यह फिचर नहीं है, तो मशीन के मैनुअल में दिए गए निर्देशों का पालन करें.
दरवाजे और ढक्कन को रखें साफ
मशीन का दरवाजा या ढक्कन बंद रहने से अंदर नमी फंसी रह सकती है. इससे सीलन की गंध बढ़ सकती है. हर धुलाई के बाद दरवाजे के अंदर के हिस्से को साफ कपड़े से पोंछें. जिससे उसमें नमी न बनें. वहीं सफाई के बाद फ्रंट लोड मशीन में दरवाजे को थोड़ी देर खुला छोड़ दें, ताकि अंदर की नमी सूख सके.
यह भी पढ़ें: Rust On Iron Kadhai: लोहे की कढ़ाई में लग रही जंग, जान लें बचाने का तरीका