उत्तर भारत में हर पांचवां वयस्क सांस की बीमारी से परेशान

dca0c5a115f10e51dafe543cfef1af6b17956934775441472 original


देश में सांस से जुड़ी एक बीमारी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है. इस बीमारी का नाम COPD है. इसमें फेफड़ों पर असर पड़ता है और लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है. एक नई स्टडी में सामने आया है कि भारत में करीब 13 फीसदी वयस्क इस बीमारी से परेशान हैं. सबसे ज्यादा मामले उत्तर भारत में मिले हैं. यहां हर पांच में से एक वयस्क को यह बीमारी है. चिंता की बात यह है कि इसकी चपेट में सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा भी आ रहे हैं.

उत्तर भारत में सबसे ज्यादा लोग बीमारी से परेशान

स्टडी के मुताबिक, उत्तर भारत में करीब 19 फीसदी वयस्क COPD से परेशान हैं. वहीं दक्षिण भारत में यह आंकड़ा 13 फीसदी और मध्य भारत में 11 फीसदी है. पूर्वी भारत में करीब आठ फीसदी लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं. पश्चिम भारत में सबसे कम मामले मिले हैं. यहां करीब सात में से एक वयस्क को यह बीमारी पाई गई. स्टडी में बताया गया है कि उत्तर भारत में प्रदूषण इस बीमारी के ज्यादा मामलों की एक वजह  है. इसके अलावा धूम्रपान और खाना बनाने के लिए लकड़ी या उपले जलाने से निकलने वाला धुआं भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, COPD से परेशान लोगों में 37 फीसदी लोग धूम्रपान करते थे. वहीं आठ फीसदी लोग लकड़ी और उपले जैसे ईंधन का इस्तेमाल करते थे.

बुजुर्गों के साथ युवाओं को भी हो रही परेशानी

इस बीमारी का खतरा उम्र बढ़ने के साथ ज्यादा देखा गया है. स्टडी में 60 साल से ज्यादा उम्र के करीब 27 फीसदी लोग COPD से परेशान पाए गए. वहीं 18 से 59 साल की उम्र के लोगों में यह आंकड़ा करीब 17 फीसदी था. यानी कम उम्र के लोग भी इस बीमारी से सुरक्षित नहीं हैं. आंकड़ों के मुताबिक, पुरुषों में COPD के मामले 16 फीसदी और महिलाओं में आठ फीसदी पाए गए. इस बीमारी में फेफड़ों तक हवा पहुंचाने वाली नलियों में परेशानी होने लगती है. इसके कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है. कई बार थोड़ी दूर चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर भी सांस फूलने लगती है.

यह भी पढ़ें : Skin Disease:क्या है क्यूटिस लैक्सा बीमारी, उम्र से बड़ा क्यों दिखने लगता है इंसान?

27 हजार से ज्यादा लोगों पर की गई स्टडी

यह स्टडी PGI चंडीगढ़ और AIIMS के डॉक्टरों ने की है. इसमें COPD से जुड़ी 23 पुरानी स्टडी के आंकड़ों को देखा गया. इन सभी स्टडी में कुल 27,319 लोग शामिल थे. लोगों के फेफड़ों की जांच की गई, ताकि पता चल सके कि वे कितनी आसानी से सांस ले पा रहे हैं. देश में सांस की यह बीमारी एक बड़ी समस्या बन रही है. खासकर उत्तर भारत में इसके मामले ज्यादा मिलना चिंता की बात है. धूम्रपान से दूर रहना, घर में धुएं से बचना और प्रदूषण से जितना हो सके बचाव करना जरूरी है. अगर बार-बार खांसी आती है या सांस लेने में परेशानी होती है, तो डॉक्टर से जांच जरूर करानी चाहिए.

यह भी पढ़ें :Anaemia In Women: भारत में महिलाओं के लिए बड़ा खतरा, 56% में खून की कमी; सर्वे में खुलासा 

*Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें*

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *