Jet Airways साल 2019 में बंद हो चुकी है. तभी से इस एयरलाइंस में काम कर रहे कर्मचारी अपने पीफ और ग्रेच्युटी के लिए भटक रहे थे. लेकिन अब इस एयरवेज के पूर्व कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर आई है. नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) ने एयरलाइन के पात्र कर्मचारियों को उनका बकाया प्रोविडेंट फंड (PF) और ग्रेच्युटी का पैसा ब्याज समेत देने का फैसला किया है.
ट्रिब्यूनल ने कंपनी के लिक्विडेटर को 14 दिनों के अंदर ये भुगतान पूरा करने का निर्देश दिया है. कुल बकाया रकम ब्याज सहित करीब 480 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
7 साल के बाद मिला इंसाफ
जेट एयरवेज ने अप्रैल 2019 में अपनी उड़ानें बंद कर दी थीं. इसके बाद कंपनी आर्थिक संकट में फंस गई और दिवालिया घोषित हो गई थी. कंपनी के बंद होने के बाद हजारों कर्मचारियों का PF और ग्रेच्युटी का पैसा अटक गया था. कर्मचारी लंबे समय से अपने कानूनी अधिकारों के तहत इस रकम की मांग कर रहे थे.
NCLAT ने क्या आदेश दिया?
NCLAT ने 26 नवंबर 2026 को आदेश दिया है कि जेट एयरवेज के पात्र कर्मचारियों को उनका पूरा PF और ग्रेच्युटी का बकाया ब्याज समेत दिया जाएगा. इससे पहले 30 जून को भी ट्रिब्यूनल ने साफ किया था कि कर्मचारियों को उनका पूरा PF और ग्रेच्युटी मिलना चाहिए. इसके लिए ये जरूरी नहीं है कि कंपनी ने इन पैसों के लिए अलग से फंड बनाकर रखा हो. SBI और दूसरे वित्तीय लेनदारों ने इस फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 31 अगस्त को उन्हें इस फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया था.
क्यों बंद हुई थी जेट एयरवेज?
बता दें कि जेट एयरवेज की शुरुआत नरेश गोयल ने की थी. 5 मई 1993 को इसकी उड़ान चार बोइंग विमानों के साथ शुरू हुई थी. एक समय ऐसा भी था जब ये देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस में शामिल थी. लेकिन बढ़ते कर्ज और आर्थिक परेशानियों के कारण कंपनी संकट में आ गई. साल 2007 में कंपनी ने एयर सहारा को टेकओवर किया, जिससे इस पर आर्थिक बोझ बढ़ गया. जिसके बाद अप्रैल 2019 में कंपनी ने अपनी उड़ानें बंद कर दीं. हालांकि कंपनी को दोबारा शुरू करने की कोशिश भी की गई लेकिन इसमें सफलता हासिल नहीं हो सकी.
ये भी पढ़ें: BSNL-MTNL की 1300 करोड़ की संपत्ति बेचेगी सरकार, मोनेटाइजेशन मुहिम तेज