Flight Update: अगर आप कम खर्चे में सऊदी अरब घूमना चाहते हैं तो अब आपकी ये इच्छा पूरी हो सकती है. सऊदी अरब की बजट एयरलाइन Flyadeal ने भारत में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं. एयरलाइन ने हैदराबाद और रियाद के बीच रोज नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू की है. इससे भारत और सऊदी अरब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक नया और किफायती ऑप्शन मिलेगा.
पहली बार शुरू हुई सेवा
भारत में फ्लायअडील की ये पहली अंतरराष्ट्रीय सेवा है. एयरलाइन ने अपनी शुरुआत हैदराबाद से की है और अब यात्री रोजाना सीधे रियाद की यात्रा कर सकेंगे. एयरलाइन का कहना है कि भारत उसके लिए अहम बाजार है और आने वाले समय में भारत के दूसरे शहरों को भी अपने नेटवर्क से जोड़ा जाएगा.
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
भारत और सऊदी अरब के बीच हर साल बड़ी संख्या में लोग नौकरी, कारोबार, हज-उमराह और पर्यटन के लिए यात्रा करते हैं. नई बजट एयरलाइन के आने से यात्रियों को कम किराए में यात्रा का विकल्प मिलेगा. साथ ही एयरलाइंस के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से भविष्य में किराए भी प्रतिस्पर्धी रहने की उम्मीद है.
भारत में बढ़ा नेटवर्क
फ्लायअडील, सऊदी अरब के सऊदिया ग्रुप की लो-कॉस्ट एयरलाइन है. कंपनी ने संकेत दिए हैं कि हैदराबाद के बाद भारत में एक और नए शहर के लिए उड़ान सेवा शुरू की जा सकती है. इससे भारत और सऊदी अरब के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा.