HDFC, ICICI समेत 4 बैंकों को SC का अल्टीमेटम, अफसरों पर चलेगा केस

20ac10e504482fab2c7a3d1d72ffdbf517957547717551379 original


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • SC ने बैंक अधिकारियों पर मुकदमा चलाने की मंजूरी दी.
  • सबवेंशन स्कीम में बैंक-बिल्डर ने घर खरीदारों को ठगा.
  • बैंकों ने बिना निर्माण बिल्डरों को पूरा पैसा दिया.
  • CBI ने मिलीभगत पाई, CMD को अदालत में तलब किया.

बिल्डरों की मनमानी और बैंकों की वसूली से परेशान हजारों घर खरीदारों के लिए सुप्रीम कोर्ट की तरफ से राहत भरी खबर आई है. दरअसल, अदालत ने होम लोन सबवेंशन स्कीम से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में सख्ती दिखाते हुए HDFC बैंक और ICICI बैंक समेत चार प्रमुख वित्तीय संस्थानों को 7 दिनों के भीतर अपने आरोपित अधिकारियों पर मुकदमा चलाने के लिए बिना शर्त मंजूरी देने का आदेश दिया है. कोर्ट ने साफ कर दिया है कि मंजूरी में देरी या किसी तरह की शर्त लगाने पर बैंकों के शीर्ष अधिकारियों (CMD) को सीधे अदालत में तलब किया जाएगा.

मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत तथा न्यायाधीश जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ की तरफ से यह निर्देश दिया गया है. पीठ ने अपने आदेश में कहा, “हम ऊपर बताए गए सभी बैंकों या वित्तीय संस्थानों को निर्देश देते हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर मुकदमा चलाने के लिए बिना शर्त मंजूरी जारी करें. ऐसा न करने पर, उनके CMD और चेयरमैन को अदालत में उपस्थित होकर यह बताना होगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए.”

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला होम लोन की ‘सबवेंशन स्कीम’ (Subvention Scheme) से जुड़ा है, जिसे ‘नो ईएमआई टिल पजेशन’ (कब्जा मिलने तक कोई किश्त नहीं) के नाम से बेचा गया था. इस योजना के तहत घर खरीदार, बिल्डर और बैंक के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता (Tripartite Agreement) होता था.

नियमों के मुताबिक, बैंक को कंस्ट्रक्शन के हिसाब से पैसा जारी करना था, लेकिन बैंक अधिकारियों ने बिल्डरों के साथ मिलीभगत कर निर्माण कार्य शुरू हुए बिना ही लोन की पूरी राशि एकमुश्त बिल्डरों के खाते में ट्रांसफर कर दी.

समझौते की शर्त यह थी कि फ्लैट का पजेशन मिलने तक लोन की EMI बिल्डर खुद बैंक को चुकाएगा, लेकिन पैसा मिलते ही कई बिल्डरों ने प्रोजेक्ट अधूरे छोड़ दिए और बैंक की किश्तें भरना बंद कर दिया. इसके बाद बैंकों ने डिफॉल्टर बिल्डरों पर कार्रवाई करने के बजाय सीधे घर खरीदारों पर लोन चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. नतीजा यह हुआ कि बिना घर मिले ही हजारों खरीदार भारी कर्ज और खराब सिबिल स्कोर के दोहरे संकट में फंस गए.

CBI ने दाखिल की चार्जशीट

बैंकों के दबाव से परेशान होकर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु समेत देशभर के सैकड़ों घर खरीदारों ने सुप्रीम कोर्ट का रूख किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिल्डरों और बैंकों के इस गठजोड़ (Builder-Bank Nexus) की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी.

जांच में खुलासा हुआ कि कई बैंक अधिकारियों ने नियमों को ताक पर रखकर बिना साइट वेरिफिकेशन किए बिल्डरों को सैकड़ों करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए.  CBI ने इस मामले में देशभर में 55 केस दर्ज किए, जिनमें से 25 मामलों की जांच पूरी कर ली गई और 22 मामलों में चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई.

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही बैंकों को निर्देश दे रखा था कि वे अधूरे प्रोजेक्ट्स में फंसे इन खरीदारों से जबरदस्ती EMI न वसूलें और न ही उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई करें.

अब 7 दिन का मिला अल्टीमेटम

CBI ने जब यह बात सुप्रीम कोर्ट को बताई, तो कोर्ट ने बैंकों को एक हफ्ते के भीतर बिना शर्त मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आदेश दिया है और चेतावनी दी है कि ऐसा न करने पर चारों संस्थानों के CMD को खुद अदालत में पेश होना पड़ेगा.

ये भी पढ़ें:

8th Pay Commission: पेंशनर्स ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, जानें अब क्या क्या मांगें की गई 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *