Kitchen Spices Safety Tips : खाने का टेस्ट बढ़ाने में मसालों का इस्तेमाल ही सबसे जरूरी होता है. हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा और गरम मसाला जैसे मसाले लगभग हर भारतीय रसोई का हिस्सा हैं. लेकिन कई बार लोग एक बार खरीदे गए मसालों को महीनों या सालों तक यूज करते रहते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुराने मसाले सुरक्षित हैं या उन्हें बदल देना चाहिए.
अगर मसालों का रंग बदल गया है, खुशबू पहले जैसी नहीं रही या उनका टेस्ट फीका पड़ गया है, तो इन्हें इस्तेमाल करने से पहले कुछ बातों की जांच करना जरूरी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि मसाले कब खराब माने जाते हैं और कैसे पहचानें इन्हें इस्तेमाल करना सुरक्षित है या नहीं.
मसाले कब खराब माने जाते हैं?
मसाले दूध, दही या सब्जियों की तरह जल्दी खराब नहीं होते, लेकिन समय के साथ उनकी क्वालिटी जरूर कम होने लगती है. लंबे समय तक रखने पर ऑक्सीजन के संपर्क में आने से मसालों का टेस्ट और खुशबू धीरे-धीरे खत्म होने लगती है. इसे ऑक्सीकरण कहा जाता है. ऐसे मसाले खाने में पहले जैसा टेस्ट नहीं दे पाते है.
कैसे पहचानें इन्हें इस्तेमाल करना सुरक्षित है या नहीं?
मसाले खराब होने का सबसे आसान तरीका उसकी खुशबू, रंग और बनावट से पता लगाया जा सकता है.अगर मसाले की खुशबू पहले जैसी तेज नहीं रही हो तो इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं माना जाता है. इसके अलावा रंग फीका, मटमैला या बदला हुआ दिखाई दे या मसाला चिपचिपा महसूस हो तो भी इन्हें इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं होता है. साथ ही उसमें अजीब गंध आने लगे और छोटे कीड़े या सफेद परत दिखाई दे, जो फंगस का संकेत हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में उस मसाले का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
क्या पुराने मसाले खाने से बीमारी हो सकती है?
अगर मसाला सूखा है और उसमें नमी, फफूंदी या कीड़े नहीं हैं, तो एक्सपायरी डेट निकलने के बाद भी वह जरूरी नहीं कि आपको बीमार कर दे. हालांकि उसका टेस्ट और खुशबू काफी कम हो सकती है, लेकिन अगर मसाले में नमी आ गई हो, फंगस लग गई हो, कीड़े दिखाई दें या बदबू आने लगे, तो ऐसे मसाले खाने से पेट दर्द, गैस, एलर्जी और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. बारिश और गर्मी के मौसम में ऐसे मसाले जल्दी खराब हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें – सावधान! कहीं आपकी 12 साल पुरानी या ‘प्रीमियम एज्ड’ शराब में मिलावट तो नहीं? FSSAI ने कसा शिकंजा
मसालों को कितने समय तक इस्तेमाल करना सही है?
पिसे हुए मसाले आमतौर पर करीब 3 से 6 महीने तक सबसे अच्छा टेस्ट देते हैं.वहीं सामान्य तौर पर इन्हें 6 महीने से 1 साल के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. साबुत मसाले पिसे मसालों की तुलना में ज्यादा समय तक टिकते हैं, लेकिन उन्हें भी लंबे समय तक रखने से टेस्ट कम होने लगता है.
मसालों को लंबे समय तक सुरक्षित कैसे रखें?
1. मसालों की क्वालिटी बनाए रखने के लिए इन्हें सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है. मसालों को हमेशा एयरटाइट डिब्बे या कांच के जार में रखें.
2. गीला चम्मच कभी भी मसाले के डिब्बे में न डालें.
3. मसालों को गैस चूल्हे की गर्मी और सीधी धूप से दूर रखें.
4. ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें.
6. जरूरत से ज्यादा मात्रा में मसाले खरीदने की जगह थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खरीदें.
7. बेहतर टेस्ट के लिए साबुत मसाले खरीदें और जरूरत के अनुसार घर पर पीसें.
यह भी पढ़ें – Chicken Pulao Recipe: चिकन बिरयानी भूल जाएंगे! इस सीक्रेट तरीके से बनाएं चिकन पुलाव, खिला-खिला रहेगा एक-एक दानाो