श्रेयस अय्यर भारत के नए टी20 कप्तान बन चुके हैं. वह कप्तान के रूप में पहली टी20 सीरीज आयरलैंड के खिलाफ 26 जून (शुक्रवार) से खेलेंगे. इससे पहले सूर्यकुमार यादव भारत के टी20 कप्तान थे, जिन्होंने मेन इन ब्लू को 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जितवाया था. लेकिन जब भारत के सबसे सफल कप्तानों की बात होती है तो जुबां पर एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का ही नाम आता है.
एमएस धोनी भारत के लिए शुरूआती कप्तानों में से एक रहे. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 का पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था. धोनी के बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भारत के लिए टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाले कप्तान बने. हालांकि कोहली ने भी लंबे वक्त तक टी20 फॉर्मेट में भारत की कमान संभाली, लेकिन वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सके. तो आइए जानते हैं कि विनिंग प्रतिशत के साथ भारत का सबसे सफल टी20 कप्तान कौन है.
भारत के सबसे सफल कप्तान (विनिंग प्रतिशत के हिसाब से)
कम से कम बतौर कप्तान 10 टी20 मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ियों में भारत के लिए विनिंग प्रतिशत के हिसाब से रोहित शर्मा सबसे सफल कप्तान हैं. हिटमैन का विनिंग प्रतिशत 79.03 का है. लिस्ट में दूसरा नाम सूर्यकुमार यादव का आता है.
सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट
रोहित शर्मा- 79.03% (62 में से 49 मैच जीते)
सूर्यकुमार यादव- 76.92% (52 में से 40 मैच जीते)
हार्दिक पांड्या- 62.5% (16 में से 10 मैच जीते)
विराट कोहली– 60% (50 में से 30 मैच जीते)
एमएस धोनी- 56.94% (72 में से 41 मैच जीते)
श्रेयस अय्यर बने 14वें कप्तान
अय्यर भारत के 14वें टी20 कप्तान बने हैं. भारत के लिए सबसे पहले टी20 कप्तान वीरेंद्र सहवाग बने थे. सहवाग ने 2006 में भारत के लिए कप्तानी की थी. उन्होंने भारत के लिए सिर्फ एक ही मैच में कमान संभाली, जिसमें मेन इन ब्लू ने जीत हासिल की थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि 14वें कप्तान श्रेयस अय्यर टीम के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं.
यह भी पढ़ें: 3 साल से नहीं खेला टी20, अचानक कैसे भारत के कप्तान बन गए श्रेयस अय्यर? यहां जानें इनसाइड स्टोरी