आजकल छोटी से छोटी खरीदारी के लिए भी लोग UPI से पेमेंट करते हैं. कभी 50 रुपए की चाय तो कभी 200 रुपए का सामान खरीदने के लिए फोन से भुगतान कर देते हैं. पेमेंट होते ही बैंक की तरफ से आने वाला SMS भी बता देता है कि खाते से पैसे कटे हैं या नहीं. लेकिन नए साल से HDFC Bank के ग्राहकों को UPI पेमेंट पर ये SMS अलर्ट ही नहीं मिलेगा.
जी हां, HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को एक नोटिफिकेशन भेजा है और इसमें बताया गया है कि 1 जनवरी 2027 से 500 रुपए तक के UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट भेजना बंद कर दिया जाएगा. यानी अगर आप 100, 200 या पूरे 500 रुपए का UPI पेमेंट करते हैं तो बैंक की तरफ से फोन पर SMS नहीं आएगा.
RBI के नए नियम क्या हैं?
दरअसल, RBI ने इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं. ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे. इस नियम के अनुसार 500 रुपए से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर बैंकों को तुरंत SMS अलर्ट भेजना जरूरी होगा.
वहीं, 500 रुपए तक के लेनदेन पर SMS भेजना बैंक की अपनी पॉलिसी के हिसाब से होगा. मतलब बैंक चाहें SMS भेज सकते हैं और नहीं चाहें तो मैसेज भेजना बंद कर सकते हैं. बस अगर अब बैंक 500 रुपए से कम के ट्रांजैक्शन पर SMS भेजते हैं तो इसके लिए ग्राहक से कोई चार्ज नहीं ले सकते हैं. वैसे RBI का ये नियम सिर्फ UPI के लिए नहीं है, इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर यही लागू होगा.
अब कैसे मिलेगा अलर्ट?
HDFC Bank के नोटिफिकेशन के मुताबिक, 1 जनवरी से 500 रुपए तक के UPI पेमेंट पर SMS अलर्ट नहीं आएगा. लेकिन बैंक सभी UPI ट्रांजैक्शन के ईमेल अलर्ट हो आएगा ही. मतलब मैसेज बंद हो जाए फिर भी ईमेल आएगा. इसके अलावा बैंक अपनी पॉलिसी के हिसाब से ऐप नोटिफिकेशन और पुश नोटिफिकेशन जैसे दूसरे अलर्ट भी भेज सकते हैं.
यूरोप की सबसे बड़ी टेक कंपनी SAP में छंटनी, 10000 लोग होंगे बाहर