बेंगलुरु में इन दिनों एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिल रहा है. शहर के बीचों-बीच स्थित जनरल पोस्ट ऑफिस के बाहर रात के 2 बजे से ही सैकड़ों युवाओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं. आमतौर पर लोग डाकघर में चिट्ठियां भेजने या सरकारी बचत खातों के काम से जाते हैं, लेकिन बेंगलुरु के इस पोस्ट ऑफिस में आधी रात को उमड़ रही यह भारी भीड़ किसी सरकारी योजना के लिए नहीं, बल्कि एक खास फिलाटेली पासपोर्ट को खरीदने के लिए इकट्ठा हो रही है. सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो वायरल होने के बाद इस अनोखे पासपोर्ट को पाने का क्रेज युवाओं और ट्रेवलर्स के सिर चढ़कर बोल रहा है.
क्या होता है फिलाटेली पासपोर्ट?
दरअसल, फिलाटेली पासपोर्ट का सीधा मतलब होता है कि डाक टिकटों का संग्रह करना. भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी किया जाने वाला यह फिलाटेली पासपोर्ट हुबहू हमारे असली भारतीय पासपोर्ट जैसा ही दिखता है. इस डायरी जैसी दिखने वाली किताब में कुल 30 खाली पन्ने होते हैं. लोग जब भी देश के किसी ऐतिहासिक या विशेष डाकघर जैसे बेंगलुरु का पहला जीपीओ या हुब्बली का खादी ग्रामोधोग डाकघर की यात्रा करते हैं, तो वे वहां इस विशेष पासपोर्ट पर उस जगह की आधिकारिक मुहर और डाक टिकट लगवाते हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा क्रेज
बेंगलुरु के फिलोटली ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक, यह अनोखा पासपोर्ट भारतीय डाक विभाग द्वारा काफी समय पहले लॉन्च किया गया था, लेकिन तब इसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे. हाल ही में कुछ ट्रैवल व्लॉगर्स और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स ने बेंगलुरु पोस्ट ऑफिस का दौरा किया और इस पासपोर्ट को बनवाने के अपने अनुभव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर पूरी तरह वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद बेंगलुरु के युवाओं और सफर के शौकीनों के बीच इसे खरीदने की ऐसी होड़ मची कि डाकघर में स्टॉक ही खत्म हो गया.
सुबह 6 बजे ही बिक जाते हैं सारे फिलाटेली पासपोर्ट
बेंगलुरु जीपीओ के कर्मचारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हर दिन सुबह 10:00 बजे काउंटर खुलने से पहले ही बाहर सैकड़ों लोगों की कतार लग चुकी होती है. मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि डाक विभाग रोजाना सीमित संख्या में ही ये पासपोर्ट जारी कर पा रहा है.
रात के 2:00 बजे से कतार में लगने वाले लोगों को सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच टोकन बांट दिए जाते हैं, और काउंटर खुलते ही कुछ ही मिनटों में सारे पासपोर्ट बिक जाते हैं. डाकघर की सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस को भी तैनात करना पड़ा है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में हनीमून का बन रहा प्लान? ये हैं उत्तर भारत की खूबसूरत डेस्टिनेशन
केवल 100 रुपये है इस अनोखे पासपोर्ट की कीमत
इस फिलाटेली पासपोर्ट के इतना ज्यादा लोकप्रिय होने की एक बड़ी वजह इसकी कीमत भी है. डाक विभाग द्वारा इसे मात्र 100 रुपये के बेहद मामूली शुल्क पर बेचा जा रहा है. 100 का यह पासपोर्ट खरीदने के बाद किसान या छात्र कोई भी व्यक्ति महज 200 का एक छोटा सा फिलाटेली डिपॉजिट अकाउंट खोलकर इस ब्यूरो का परमानेंट मेंबर बन सकता है.
यह भी पढ़ें: सिर्फ कैंची धाम नहीं, भारत में कहां-कहां नीब करौरी बाबा के मंदिर?