सोना या चांदी, 2027 में कौन देगा ज्यादा रिटर्न? हो गई भविष्यवाणी

9c1605754e9970b0e472299f4b145af517957955746251435 original


सोने और चांदी में पैसा लगाने वालों के लिए साल 2026 काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. साल की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई है. नवंबर में तो चांदी ने सोने के मुकाबले ज्यादा नुकसान कराया है. हालांकि, महीने के आखिर में दोनों की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिली है. ऐसे में अब लोगों के मन में सवाल है कि 2027 में सोना ज्यादा कमाई कराएगा या चांदी?

बाजार के जानकारों का मानना है कि अगले साल चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा तेजी आ सकती है. इसकी वजह सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे बिजनेस में चांदी की बढ़ती जरूरत है. हालांकि, चांदी में उतार-चढ़ाव भी सोने से ज्यादा रहता है. दूसरी तरफ, सोना जरा सुरक्षित निवेश माना जाता है. आइये समझते हैं, दोनों में से कौन ज्यादा फायदा देने वाला है.

नवंबर में सोना और चांदी कितने गिरे?
नवंबर 2026 में MCX पर सोने की कीमत करीब 13 फीसदी तक गिर गई, जबकि चांदी में लगभग 20 फीसदी की गिरावट आई है. इस दौरान मजबूत अमेरिकी डॉलर, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिका में ब्याज दरें सख्त रहने की आशंका ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया है. हालांकि, 27 नवंबर को दोनों धातुओं में जोरदार वापसी हुई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 2.7 फीसदी चढ़कर 3,663.52 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, चांदी करीब 6.5 फीसदी उछलकर 44.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

MCX पर सोना करीब 2.37 फीसदी बढ़कर 1,24,856 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं, चांदी का वायदा भाव करीब 5.3 फीसदी चढ़कर 1,53,579 रुपए प्रति किलो पहुंच गया. इस तेजी के बावजूद सोना और चांदी दोनों ही साल की शुरुआत के अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे हैं.

चांदी क्यों देगी ज्यादा रिटर्न?
चांदी की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ गहनों और निवेश की मांग नहीं है. इसका इस्तेमाल कई उद्योगों में भी होता है. सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली उपकरण और नई टेक्नोलॉजी में चांदी की जरूरत पड़ती है. अगर अगले साल दुनियाभर में औद्योगिक गतिविधियां तेज होती हैं और इन क्षेत्रों से मांग बढ़ती है तो चांदी की कीमतों को फायदा मिल सकता है. इसके अलावा बाजार में चांदी की सप्लाई में कमी बनी रहती है तो कीमतों को और सहारा मिल सकता है.

कोटक नियो की कमोडिटी रिसर्च से जुड़ी कायनात चेनवाला के मुताबिक, गोल्ड-सिल्वर रेशियो करीब 87 पर है, जबकि इसका ऐतिहासिक औसत लगभग 60-70 रहा है. ये बताता है कि सोने के मुकाबले चांदी में रिकवरी की ज्यादा गुंजाइश हो सकती है. चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे का भी मानना है कि 2027 में चांदी ज्यादा रिटर्न दे सकती है. 

सोने को है सुरक्षित ऑप्शन?
भले ही चांदी में ज्यादा तेजी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन सोने की अपनी अलग अहमियत है. दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं. कोटक नियो की कायनात चेनवाला के मुताबिक, 2026 के पहले नौ महीनों में केंद्रीय बैंकों ने 675 टन सोना खरीदा है. 

इसके अलावा दुनिया में राजनीतिक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की जरूरत सोने की मांग को सहारा दे सकती है. अगर अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची बनी रहती हैं और डॉलर मजबूत रहता है, तब भी सोने और चांदी दोनों पर दबाव रह सकता है. लेकिन अगर महंगाई में राहत मिलती है और ब्याज दरों में नरमी आती है तो सोने और चांदी, दोनों को फायदा हो सकता है.

FB-YT Insta Income: भारत से 10 गुना महंगा क्यों है अमेरिका का Viewer? कमाई में बड़ा अंतर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *