आज के समय में हर कोई किसी ऐसी कंपनी में नौकरी करना चाहते हैं, जहां उन्हें अच्छी सैलरी के साथ करियर में आगे बढ़ने और काम के बीच संतुलन बनाने का मौका दिया जाए. नौकरी चुनते समय सिर्फ अच्छी सैलरी ही मायने नहीं रखती, बल्कि काम करने का माहौल, प्रोमोशन के मौके और वर्क-लाइफ बैलेंस भी काफी अहम होते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए फोर्ब्स ने महिलाओं के लिए दुनिया की बेहतरीन कंपनियों की 2026 की लिस्ट जारी की है. बड़ी बात यह है कि इस लिस्ट में भारत की आईटी कंपनी एचसीएलटेक (HCLTech) ने भी जगह बनाई है.
इस रैंकिंग में उन कंपनियों को शामिल किया गया है, जहां महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल और आगे बढ़ने के अवसरों को अहमियत दी जाती है. आइए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन सी कंपनियां शामिल हैं और भारत की कंपनी को कौन-सी रैंक मिली है.
महिलाओं के लिए दुनिया की टॉप 10 कंपनियां कौन सी हैं?
फोर्ब्स की 2026 की रैंकिंग में अलग-अलग इलाकों की कंपनियों को जगह मिली है. रैंकिंग में शामिल शुरुआती टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट इस प्रकार है.
- पहला स्थान: माइक्रोसॉफ्ट
- दूसरा स्थान: एप्पल
- तीसरा स्थान: मैनुलाइफ
- चौथा स्थान: लॉरियल
- पांचवां स्थान: एमएआईएफ
- छठा स्थान: एब्सा ग्रुप
- सातवां स्थान: डेसजार्डिन्स
- आठवां स्थान: कोका-कोला
- नौवां स्थान: जॉनसन एंड जॉनसन
- दसवां स्थान: यूनिलीवर
टॉप 50 में भारत की किस कंपनी को मिली जगह?
इस रैंकिंग टॉप लिस्ट में भारत की बहुराष्ट्रीय टेक्नोलॉजी कंपनी एचसीएलटेक ने भी जगह बनाई है, जहां कंपनी को 40वां स्थान मिला है. इसका मुख्यालय नोएडा में है और यह करीब 60 देशों में कारोबार करती है. इस रैंकिंग में कंपनी का शामिल होना भारतीय आईटी सेक्टर के लिए भी अहम है.
महिलाएं नौकरी छोड़ने के पीछे क्या वजह बताती हैं?
फोर्ब्स और मार्केट रिसर्च फर्म स्टेटिस्टा के सर्वे में 15 देशों की लगभग 7,500 महिलाओं को शामिल किया गया. सर्वे के मुताबिक, इस रैंकिंग को तैयार करने के लिए महिलाओं से पूछा गया कि वे अपने नियोक्ता को दोस्तों और परिवार के लोगों को नौकरी के लिए सुझाना चाहेंगी या नहीं. इसके अलावा, कंपनियों को कई दूसरे मानकों पर भी परखा गया. इसमें महिलाओं की नौकरी छोड़ने की वजह सिर्फ काम सैलरी नहीं थी.
- 43% महिलाओं ने करियर में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने को नौकरी छोड़ने की वजह बताया.
- 42% महिलाओं का कहना था कि दूसरी कंपनी में समान काम करके ज्यादा कमाई की जा सकती है.
- 33% महिलाओं ने काम के समय में लचीलेपन की कमी को परेशानी बताया.
- 33% महिलाओं के मुताबिक, नौकरी और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाना मुश्किल होता है.
अमेरिका ने 5 भारतीयों और 2 कंपनियों पर लगाया बैन, ईरान से है कनेक्शन