आज के समय में ज्यादातर स्टार्टअप अपना कारोबार बढ़ाने के लिए निवेशकों से फंडिंग लेते हैं, लेकिन केरल की एक बेकरी कंपनी ने बिना बाहरी फंडिंग के ही करोड़ों का कारोबार खड़ा कर दिया. साल 1986 में शुरू हुई एलीट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड आज देश-विदेश में एक बड़े ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 में 822.55 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व दर्ज किया था.
दरअसल, यह आंकड़ा कंपनी के मुनाफे का नहीं, बल्कि उसकी कुल परिचालन आय का है. त्रिशूर में शुरू हुई इस कंपनी ने ब्रेड बनाने से अपना सफर शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे इसने केक और दूसरे खाद्य उत्पादों तक अपने कारोबार को फैलाया. आज इसकी मौजूदगी भारत के अलावा कई विदेशों में भी है. आइए जानते हैं कि आखिर एक छोटी-सी बेकरी कंपनी ने इतने बड़े स्तर पर अपना कारोबार कैसे खड़ा किया.
कैसे हुई एलीट फूड्स की शुरुआत?
एलीट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना साल 1986 में टीआर रघुलाल ने की थी. इस कंपनी की शुरुआत करने के पीछे एक बड़ी वजह अच्छी गुणवत्ता वाली ब्रेड की कमी थी. अमेरिका से पढ़ाई पूरी करके लौटने के बाद रघुलाल को विदेश जैसी अच्छी ब्रेड भारत में आसानी से नहीं मिल रही थी. इसी जरूरत को कारोबार के अवसर में बदलते हुए उन्होंने बेकरी शुरू करने का फैसला किया.
उन्होंने ब्रेड बनाने के लिए उस समय के हिसाब से आधुनिक मशीनरी और तकनीक का इस्तेमाल किया, जो भारत में उस समय आम नहीं थी. शुरुआत में ब्रेड पर ध्यान देने वाली कंपनी ने बाद में केक और दूसरे बेकरी उत्पादों की श्रेणियों में भी कदम रखा. बेहतर गुणवत्ता वाले आटे की जरूरत को देखते हुए कंपनी ने अपनी मिल भी स्थापित की, जिससे उत्पादन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में मदद मिली.
बिना फंडिंग के कैसे बढ़ा कारोबार?
एलीट फूड्स ने शुरुआत में ही बाहरी फंडिंग के बजाय अपने कारोबार और अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों पर ध्यान दिया, जिससे उन्हें बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने में मदद मिली. ब्रेड से शुरुआत करने के बाद कंपनी ने उत्पादन से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे उत्पादों में भी कदम रखा.
आज कंपनी के नौ कारखाने हैं और इसके उत्पाद भारत के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पहुंचते हैं. कंपनी ने भारत के अलावा मध्य पूर्व, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, कनाडा, सिंगापूर, ऑस्ट्रेलिया और दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मौजूदगी बनाई.
822 करोड़ रुपये के राजस्व तक कैसे पहुंची कंपनी?
क्रेडिट रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, एलीट समूह ने वित्त वर्ष 2022 में 698.76 करोड़ रुपये की परिचालन आय दर्ज की थी, जो वित्त वर्ष 2023 में बढ़कर 822.55 करोड़ रुपये हो गई. यानी कंपनी की परिचालन आय में एक साल के दौरान 17% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. हालांकि, इस दौरान कंपनी का मुनाफा भी बढ़कर 26.69 करोड़ रुपये पहुंच गया.
CJP Protest: दिल्ली में 15 लाख व्यापारियों के रोजगार पर संकट, 2000 करोड़ का नुकसान