बॉम्बे HC से Tata Trusts को राहत नहीं, टाटा संस बोर्ड मीटिंग नहीं रुकेगी

00705b4699f0b1cfce8ee4c12d30c03217957878734021435 original


टाटा ग्रुप में चल रही खींचतान अब कोर्ट तक पहुंच गई है. टाटा ट्रस्ट्स को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने 30 नवंबर को होने वाली Tata Sons की बोर्ड मीटिंग रोकने के लिए तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया है. यानी कंपनी की बोर्ड मीटिंग तय कार्यक्रम के मुताबिक हो सकती है. टाटा ट्रस्ट्स ने इस मीटिंग से पहले कोर्ट से दखल देने की मांग की थी, लेकिन फिलहाल उसे राहत नहीं मिली है. 

ये पूरा विवाद Tata Sons के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और बोर्ड में फैसले लेने के अधिकारों को लेकर है. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इस फैसले से सहमत नहीं हैं. उनका कहना है कि कंपनी के बोर्ड में कुछ अहम फैसलों के लिए ट्रस्ट के नामित निदेशकों की सहमति जरूरी है.

क्यों कोर्ट पहुंचा विवाद?

दरअसल, 17 सितंबर को Tata Sons की बोर्ड मीटिंग में एन चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाने का फैसला लिया गया था. इस बैठक में नोएल टाटा ने उनकी दोबारा नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि टाटा संस के निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था. दोनों निदेशकों की राय अलग-अलग होने के बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया और चंद्रशेखरन की नियुक्ति के पक्ष में फैसला हो गया.

टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि कंपनी के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 के तहत ट्रस्ट के नामित निदेशकों की जरूरी सहमति के बिना ऐसा फैसला नहीं लिया जा सकता है. ट्रस्ट का आरोप है कि चेयरमैन के कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करके इस नियम को दरकिनार किया गया है. वहीं, Tata Sons का कहना है कि 17 सितंबर को लिया गया फैसला वैध था.

30 नवंबर की मीटिंग क्यों खास है?

Tata Sons की अगली बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर को होनी है. इसमें कंपनी की लिस्टिंग, RBI के निर्देशों और एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग बुलाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. टाटा ट्रस्ट्स को आशंका है कि अगर 17 सितंबर की तरह इस बार भी कास्टिंग वोट का इस्तेमाल हुआ तो ट्रस्ट के नामित निदेशकों के अधिकार कमजोर पड़ सकते हैं. इसी वजह से ट्रस्ट ने कोर्ट से मांग की थी कि बोर्ड के चेयरमैन को ऐसे मामलों में कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए.

हालांकि, बॉम्बे हाई कोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया है. इसका मतलब है कि 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर रोक नहीं लगी है. लेकिन इससे चंद्रशेखरन की नियुक्ति को लेकर चल रहा कानूनी विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है.

कितने हर्जाने की हुई मांग?

टाटा ट्रस्ट्स की दो इकाइयों, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की है. दोनों ट्रस्ट ने 65 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग भी की है. इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपए और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपए मांगे हैं. इसके अलावा दोनों ने 18 फीसदी सालाना ब्याज की मांग भी की है.

500 तक के UPI पेमेंट पर SMS सुविधा बंद, 1 जनवरी से HDFC ने बदले नियम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *